पहले फिल्मी स्टाइल में रुकवाई बस, फिर ड्राइवर-कंडक्टर को बाहर निकालकर बहुत पीटा, देखें VIDEO
हापुड़। यूपी में कानून व्यवस्था को लेकर बदमाशों के अंदर जरा भी खौफ नहीं है। यहां बेलगाम बदमाश आए दिन किसी ना किसी को पीट देते हैं और पुलिस मौके पर कुछ नहीं कर पाती। ऐसा ही एक मामला जनपद हापुड़ से सामने आया जहां कार सवार कुछ लोगों ने सोहराब गेट डिपो के चालक व परिचालक के साथ जमकर मारपीट की। एक बस के परिचालक की टिकट काटने की मशीन में भी तोड़फोड़ कर दी गई। रात के समय हुई इस घटना से बस सवार यात्रियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ितों ने दोनों ही थानों में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले में कहासुनी को लेकर मारपीट की बात कह रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक हापुड़ डिपो की रोडवेज बस रविवार रात किठौर से सवारियों को लेकर हापुड़ की तरफ आ रही थी। जब बस रोडवेज बस अड्डे के पास पहुंची तो कार सवार कुछ युवकों ने बस को रुकवा लिया। जब परिचालक ने बस अड्डे में जाने की बात कही तो युवकों ने परिचालक रनवीर सिंह और चालक के साथ मारपीट कर दी। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में यात्री बस से उतरकर भागने लगे। मारपीट के बाद कार सवार युवक मेरठ की ओर फरार हो गए पीड़ित परिचालक रनवीर सिंह ने कोतवाली में अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है।
सोहराब गेट डिपो की बस में चालक अशोक और परिचालक प्रेम सिंह सवार थे रविवार को बस बुलंदशहर से मेरठ की तरफ जा रही थी। जब बस देहात थाना क्षेत्र के किठौर मोड़ पर पहुंची तो कार सवार युवकों ने बस रुकवा ली। इससे पहले कि चालक और परिचालक कुछ समझ पाते, तब तक कार सवार युवकों ने चालक और परिचालक के साथ मारपीट कर दी। इससे यात्रियों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। युवकों ने परिचालक के हाथ में रखी टिकट काटने की मशीन को तोड़ दिया।
किसी प्रकार यात्रियों द्वारा शोर मचाने पर कार सवार युवक मौके से फरार हो गए सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों ही बसों के चालक और परिचालकों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। कार सवारों की तलाश की जा रही है। मामला लूटपाट का नहीं है बल्कि मारपीट का ही है। जल्द ही युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications