UP News: 26 जनवरी से पहले हादसा होते-होते टला! इस शहर से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, एजेंसियां अलर्ट
UP News: गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को लेकर उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट है। सुरक्षा एजेंसियां चप्पे-चप्पे पर नजर रख रही हैं, और इसी बीच हापुड़ जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। यहां एक साधारण से दिखने वाले मकान के भीतर भारी मात्रा में विस्फोटक और बने-अधबने पटाखों का जखीरा मिला है।
दरअसल, मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर चौपला फतेहपुर गांव का है। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर के आदेश पर इन दिनों 'ऑपरेशन सत्यापन' चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस नए किराएदारों की जांच कर रही है।

सोमवार रात जब थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ फतेहपुर पहुँचे, तो उन्हें राहुल खटीक नामक व्यक्ति के मकान में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। जब पुलिस ने छापेमारी की, तो अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी दंग रह गए।
UP News: भारी मात्रा में गन पाउडर और विस्फोटक बरामद
सीओ सिटी वरुण मिश्रा के मुताबिक, इस छापेमारी में पुलिस ने मौके से 200 किलोग्राम गन कॉटन पाउडर और 2000 से ज्यादा सैलनुमा विस्फोटक कैंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा 27 कट्टे अन्य विस्फोटक सामग्री भी मिली है। पुलिस ने मौके से गाजियाबाद के फारूखनगर निवासी नदीम को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि नदीम ने महज 20 दिन पहले ही यह मकान किराए पर लिया था। अब पुलिस मकान मालिक राहुल खटीक से भी पूछताछ की तैयारी में है कि उसने बिना वेरिफिकेशन के मकान कैसे दे दिया।
UP News: गणतंत्र दिवस को लेकर अलर्ट पर यूपी पुलिस
हापुड़ की इस कार्रवाई के पीछे पुलिस की वो सतर्कता है जो 26 जनवरी को देखते हुए पूरे प्रदेश में लागू है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर जैसे जिलों में डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर गांव-गांव में चौकीदारों के साथ गोष्ठी की जा रही है। पुलिस को डर है कि असामाजिक तत्व राष्ट्रीय पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं।
UP News: सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वाहनों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। हापुड़ में विस्फोटक की इतनी बड़ी खेप मिलना इस बात का संकेत है कि सुरक्षा एजेंसियों का अलर्ट रहना कितना जरूरी था। फिलहाल गिरफ्तार नदीम से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस विस्फोटक का इस्तेमाल कहाँ और किस मकसद से किया जाना था।












Click it and Unblock the Notifications