आधा दर्जन लड़कियों से कर चुका है शादी, बहन ढूंढती थी भाई के लिए दुल्हन
नोएडा। नोएडा पुलिस ने एक ऐसे लुटेरे को पकड़ा है जो अपनी बहन के साथ मिलकर लड़की से शादी करता था और फिर उस दुल्हन के पैसे और जेवर आदि लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी दूल्हे और उसकी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों यूपी, पंजाब और मध्य प्रदेश आदि करीब पांच राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे।

नोएडा सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने शुक्रवार को लुटेरे दूल्हे तरुण शर्मा और इसकी कथित बहन दुर्गांशु शर्मा को सेक्टर-71 से गिरफ्तार किया। इनके पास से 15 से ज्यादा अलग-अलग नाम से आधार कार्ड, कार की कई फर्जी नंबर प्लेट, एक न्यूज चैनल का स्टीकर लगी हुई चोरी की कार भी बरामद हुई है। इन दोनों आरोपियों पर नोएडा पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था।
वेबसाइट से ढूंढते थे अपना शिकार
एसएसपी डॉ. अजयपाल ने बताया कि तरुण की कथित बहन ही मेट्रिमोनियल वेबसाइट से नौकरीपेशा करने वाली लड़की को चुनती थी। उसके बाद वह अपने भाई लुटेरे दूल्हे के जरिए फोन पर बात कराती थी। शादी करने के लिए टारगेट की गई लड़की को दूल्हा बना लड़का न्यूज चैनल का डायरेक्टर बताता था। भरोसा जीतने के लिए 10 रुपए के स्टांप पेपर पर बिना दहेज लिए शादी करने का लालच भी देता था। इसके बाद लुटेरे दूल्हे की बहन खुद को ब्रेन ट्यूमर का मरीज बताकर लड़की को अपने भाई का जल्दी घर बसाने का झांसा दे देती थी। इन दोनों की बातों में लड़की फंसकर एक दो महीने के भीतर ही शादी कर लेती थी।
जेल से छूटकर शुरू किया नया धंधा
2008 में तरुण शर्मा गाजियाबाद से ठगी के मामले में जेल जा चुका है। यहां से छूटने के बाद से ही उसने यह नया धंधा शुरू किया। सबसे पहले 2011 में मेरठ में एक परिवार को इन्होंने अपना शिकार बनाया। इस परिवार से बेटी की शादी में सामान खरीदवाने के नाम पर 16 लाख रुपए कैश और 10 लाख रुपए से ज्यादा का सामान लेकर दोनों भाग निकले थे।
कई लोगों को ठगा
पुलिस के अनुसार मेरठ से भागने के बाद दोनों चंडीगढ़ में जा बसे यहां कुछ दिनों तक दोनों छोटा-मोटा बिजनेस करते रहे। ऑनलाइन न्यूज पोर्टल और ऑनलाइन शॉपिंग सेंटर खोला। इसके लिए कई लोगों से पार्टनरशिप कर 70-80 लाख रुपये ठग लिए। चंडीगढ़ के बाद दोनों ने अपना नया बसेरा नोएडा में बनाया। यहां माई इंडिया न्यूज पोर्टल शुरू किया और फिर मेट्रिमोनियल साइट के जरिए लड़कियों को फंसाने में जुट गए। इसी दौरान दिल्ली में रहने वाली एक नर्स इनके झांसे में आ गई। इस लड़की से बिना दहेज लिए शादी करने का वादा किया और 10 रुपए के स्टांप पेपर पर लिखकर भी दे दिया। इसके बाद दोनों की अप्रैल 2017 में शादी हो गई। शादी के बाद ही प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर नर्स की मां से अलग-अलग किस्तों में 30 लाख और पत्नी के अकाउंट से 10 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद सितंबर में दोनों रातोंरात फरार हो गए।
नोएडा से भागकर भोपाल पहुंचा
नोएडा से 40 लाख रुपए हड़पने के बाद दोनों भोपाल पहुंच गए। यहां लूटे हुए रुपयों से एमपी-24 न्यूज पोर्टल ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया। इस पोर्टल का खुद को मालिक बताकर मेट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए एक बैंक मैनेजर को जाल में फंसाया। जनवरी 2018 में इससे शादी कर ली। इसके बाद इससे भी लगातार पैसे ठगते रहे। नोएडा में लुटेरे दूल्हे की खबर आने के बाद दोनों भोपाल से भाग निकले और फिर लखनऊ पहुंचे। यहां से कई बार केरल, नागपुर, मुंबई और अलग-अलग शहरों के भी चक्कर लगाए।












Click it and Unblock the Notifications