CCTV Footage: दुकान से मोबाइल फोन चुराती लड़कियों का वीडियो वायरल
मैनपुरी। यूपी के मैनपुरी में एक मोबाइल शॉप पर चोरी की वारदात सामने आई है। यह चोरी बड़ी सफाई से की गई जिसकी भनक मोबाइल दिखा रहे दुकान मालिक को भी नहीं लगी। यहां एक मोबाइल की दुकान पर ग्राहक बनकर आई तीन लड़कियों ने देखते-देखते मोबाइल पार कर दिया। मामले की जानकारी तब हुई जब दुकान की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई।

मामला उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले का है, जहां एक मोबाइल की दुकान पर तीन लड़कियां मोबाइल खरीदने के बहाने से आई थी। इन लड़कियों ने दुकानदार से मोबाइल दिखाने को कहा। दुकानदार एक एक कर के कई मोबाइल दिखाने लगा और काउंटर पर रख दिए। इसी बीच बड़ी ही सफाई के साथ एक लड़की ने दुकानदार की आंखों से बचाते हुए महंगे मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया और वहां से चम्पत हो गई।
दुकानदार को उस वक्त तो इस बात की कतई भनक नहीं हुई। लेकिन चोरी की ये पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकान बंद करते वक्त जब हिसाब-किताब हुआ तो एक मोबाइल कम निकला। इसके बाद जब दुकान की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो सारा माजरा समझ में आया। सीसीटीवी देख दुकानदार के होश उड़ गए। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है। फिलहाल अभी तक इन तीनों लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।












Click it and Unblock the Notifications