युवती से रेप का वीडियो पति को दिखाकर दिलाया तलाक, पीड़िता ने पुलिस से मांगा न्याय
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक युवती के साथ रेप का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसके साथ रेप किया और दूसरे युवक ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर उसके साथ कई बार रेप किया। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी होने के बाद आरोपी उसकी ससुराल पहुंच गए और वहां जाकर उसके पति को धमकाया और उसका तलाक कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।

रेप के बाद बनाई वीडियो
घटना मुरादाबाद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले तीन युवक अक्सर उससे छेड़छाड़ करते थे। छेड़छाड़ का विरोध करने पर तीनों युवक युवती के छोटे भाइयों को मारने की धमकी भी देते थे। पीड़िता ने बताया कि उसके पिता की मौत के बाद युवती घर में अपनी मां और दो छोटे भाइयों के साथ रह रही थी। जनवरी महीने में तीनों युवक मौका देखकर युवती के घर में घुस गए। एक आरोपी ने युवती के साथ रेप किया, जबकि एक अन्य युवक मोबाइल से वीडियो बनाता रहा। पीड़िता का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने युवती से कई बार रेप किया। इस बात का जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके भाइयों को मारने की धमकी दी।

शादी के दूसरे दिन पहुंच गए ससुराल
पीड़िता ने बताया कि उसके परिजनों ने उसकी शादी अमरोहा जनपद में रहने वाले एक युवक से तय कर दी और 6 अप्रैल को युवती की शादी हो गई। शादी के दूसरे दिन ही आरोपी उसके ससुराल पहुंच गए। पीड़ित युवती का आरोप है कि ससुराल पहुंचे युवकों ने उसके पति को रेप की वीडियो दिखाया और कहा कि इसके पेट में उसका बच्चा है। आरोपियों ने पीड़िता के पति को धमकी दी कि अगर उसने अपनी पत्नी को तलाक नहीं दिया, तो उसे अंजाम भुगतना पड़ेगा। पीड़िता ने बताया कि उसके पति ने उसे तलाक दे दिया और घर से निकाल दिया। पति द्वारा तलाक दिए जाने के बाद पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस युवती की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

क्या कहते है एसपी सिटी
एसपी सिटी अंकित मित्तल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications