मंडप में लड़की ने बेवफा आशिक की कनपटी पर लगाया तमंचा, और कहा चल उठ...
किस्सा इश्क में आशिक से मिली बेवफाई का है, लेकिन प्रेमिका ने आंसू बहाने के बजाय वो रास्ता अपनाया, जिसके लिए काफी हिम्मत चाहिए।
नई दिल्ली। वो किस्से अब पुराने हो गए जब किसी और लड़के से शादी होने पर प्रेमी मंडप से अपनी प्रेमिका को उठाकर ले जाता था, अब दौर बदल चुका है। यूपी के हमीरपुर जिले में इसके ठीक विपरीत मामला सामने आया है। हमीरपुर जिले के भवानी गांव में सोमवार की रात एक युवती रिवॉल्वर की नोंक पर अपने प्रेमी को मंडप से उठाकर ले गई।

क्लीनिक में परवान चढ़ा इश्क
पुलिस के मुताबिक पड़ोस के जिले बांदा की रहने वाली संगीता (काल्पनिक नाम) एक प्राइवेट क्लिनिक में नौकरी करती थी। उसी क्लिनिक में अशोक यादव नामक युवक भी नौकरी करता था। नौकरी करते हुए दोनों की जान-पहचान हो गई और जान-पहचान बाद में प्यार में बदल गई। पिछले कई महीनों से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।

दूसरी जगह तय हुई अशोक की शादी
शुरुआत में अशोक ने संगीता से शादी करने का वादा किया और दोनों के बीच सबकुछ ठीक चलता रहा लेकिन बाद में वह अपने वादे से पलट गया। अशोक ने संगीता से बातचीत करनी भी बंद कर दी। अशोक के घरवालों ने उसकी शादी हमीरपुर की रहने वाली एक दूसरी लड़की से तय कर दी। इसके बाद अशोक ने संगीता से पूरी तरह किनारा कर लिया।

बेवफाई का बदला
शादी तय हो जाने के बाद अशोक के व्यवहार में बदलाव आ गया। संगीता ने कई बार अशोक से मिलकर उसकी बेरुखी की वजह जानने की कोशिश की, लेकिन अशोक ने मिलने से साफ इंकार कर दिया। उसे जब अशोक की शादी के बारे में पता चला तो बेवफाई से नाराज संगीता ने अपने प्रेमी को किडनैप करने का मन बना लिया।

अशोक की कनपटी पर लगाया तमंचा
सोमवार को अशोक और उसकी दुल्हन का परिवार शादी की खुशियों में मशगूल था। अशोक भी दूल्हे के लिबाज में काफी खुश नजर आ रहा था। आधी रात को फेरों की तैयारी चल रही थी, तभी संगीता ने वहां एंट्री मारी। एसयूवी में बैठकर पहुंची संगीत के साथ तीन हथियारबंद युवक भी थे। संगीता सीधे मंडप पर पहुंची, रिवॉल्वर निकाला और अशोक कनपटी पर लगाकर उसे साथ चलने को कहा।

'कोई बीच में आया तो अंजाम बुरा होगा'
शादी में आए मेहमानों ने जब संगीता को रोकने की कोशिश की तो उसने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि अगर कोई बीच में आया तो उसका अंजाम बुरा होगा। इसके बाद उसने अशोक को गाड़ी की सीट से बांधा और चली गई। कुछ ही मिनटों में देखते ही देखते ही संगीता अशोक को लेकर चली गई। इसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर अशोक और संगीता की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक दोनों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है। अशोक के परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती उसे नुकसान पहुंचा सकती है। एक रिश्तेदार ने बताया कि वह युवती अशोक से जबरदस्ती शादी भी कर सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications