होली की शाम गायब हुई बच्ची की लाश गन्ने के खेत में मिली, रेप की आशंका
बलरामपुर। जिले के तुलसीपुर इलाके में रेप और हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां होली की शाम को शौच के लिए निकली कक्षा 4 की छात्रा का शव शनिवार को गन्ने के खेतों से बरामद हुआ है। परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

ये था मामला
मामला तुलसीपुर थाना क्षेत्र के सोनाहटी लष्मीनगर गांव का है। केसरी यादव सविता (10) होली के रंगों से सराबोर होकर पूरा दिन घर और गांव में मस्ती करती रही। शुक्रवार की शाम को खुले में शौच के लिए गांव में ही चली गई। जिसके बाद कई घंटों तक जब वह वापस नही लौटी तो परिजन परेशान हो गए और आनन फानन में उन्होंने बेटी सविता की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी बेटी का कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस न भी काफी तलाश लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका।

खेत में पड़ा मिला शव
शनिवार सुबह जब गांव के ही पास खेत व बगीचों में तलाश शुरू हुई तो तलाश के दौरान गन्ने के खेत में नाबालिग छात्रा सविता का शव बरामद हुआ। शव को देखने वाले चश्मदीदो की माने तो नाबालिग की रेप के बाद हत्या से इनकार नहीं किया जा सकता है। वहीं, परिजनों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। बेटी के साथ हुई दरिदंगी से परिवार आहत है और घर में कोहराम मचा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दोषी पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया है। बता दे कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या कहते है अधिकारी
अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किया जाना प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। जल्द से जल्द दोषी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications