Ghosi Bypoll Result: घोसी की जीत ने अखिलेश यादव को दिया 'जीत का पंच', पढ़िए इनसाइड स्टोरी
उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने बाजी मार ली है। इस सीट पर सपा के सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को करारी शिकस्त दे दी है। सुधाकर सिंह ने 43 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं इस जीत के बाद जहां समाजवादी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है तो अखिलेश यादव को भी 'जीत का पंच' दे दिया है। इतना ही नहीं इस जीत से इंडिया गठबंधन ने अपने पहले ही प्रयोग में सफलता प्राप्त कर ली है। बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने इस सीट पर अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था।
चलिए अब जानते हैं कि घोसी विधानसभा उपचुनाव में इस जीत ने कैसे अखिलेश यादव का कद बढ़ा दिया है। कैसे अखिलेश यादव को 'जीत का पंच' मिल गया है?
'इंडिया' गठबंधन में सपा का कद बढ़ा, यूपी में ड्राइविंग सीट पर अखिलेश
घोसी की इस जीत से इंडिया गठबंधन में समाजवादी पार्टी का कद बढ़ गया है। अखिलेश यादव अब यूपी में ड्राइविंग सीट पर नजर आएंगे। कहें तो यूपी में इंडिया गठबंधन की अन्य पार्टियों के बीच अब उनकी मर्जी चलेगी। अखिलेश यादव सीट बंटवारे को लेकर फ्रंट से लीड कर सकते हैं।

जीत से पहले ही मुस्लिम वोटरों को क्रेडिट देकर बनाया समीकरण
दरअसल, अखिलेश यादव ने जीत की घोषणा से पहले ही इस जीत के लिए मुस्लिम वोटरों को क्रेडिट दे दिया। जिससे एक बार फिर से साबित हो गया कि मुस्लिम वोटर समाजवादी पार्टी के पक्ष में बने हुए हैं। इतना ही नहीं इस जीत ने मुस्लिमों के बीच ध्रुवीकरण को न के बराबर कर दिया है। मुस्लिम अब वोट देने में कन्फ्यूज नहीं होंगे।
घोसी में अखिलेश-शिवपाल के साथ आने से एकजुटता का संदेश
दरअसल, घोसी में अखिलेश यादव और शिवपाल यादव दोनों ने साथ में प्रचार किया जिससे कैडर के बीच यादव परिवार की एकजुटता का संदेश गया। भाजपा की तरफ गए यादव वोटरों में भी अखिलेश के प्रति भरोसा जगेगा।
सीएम योगी के मऊ दंगे वाले बयान पर अखिलेश ने फेरा पानी
घोसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि उपचुनाव को महत्व को वही समझ पाएगा, जिसने 2005 में मऊ में दंगों को नजदीक से महसूस किया होगा। याद कीजिए 2005 में तत्कालीन समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में सरकार चल रही थी। तब माफिया यहां कहीं दलित, तो कहीं यादवों की हत्या कर रहे थे। तब यहां न सपा कुछ नहीं कर पाई और न कांग्रेस की कोई बोली निकल पा रही थी। तब मैं गोरखपुर का सांसद था और इन्हीं दंगाइयों को जवाब देने के लिए मैं वहां से चला था।
'इंडिया' गठबंधन में सपा की घोसी उपचुनाव में पहली परीक्षा थी, पास हुई
इसके अलावा 'इंडिया' गठबंधन में समाजवादी पार्टी की घोसी उपचुनाव में पहली परीक्षा थी जिसे कि वह पास कर गई। सपा की इस जीत से 'इंडिया' गठबंधन को बड़ी ताकत मिली है। खासकर कांग्रेस पार्टी के समीकरण को।












Click it and Unblock the Notifications