Ghosi By Poll Counting: BJP तोड़ पाएगी घोसी का तिलिस्म? सपा ने शुरुआती बढ़त को बताया जीत का आगाज
घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के बाद आज मतगणना चल रही है। मतगणना को लेकर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
UP Ghosi Bypoll: उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट (Ghosi Vidhansabha Seat) पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना चल रही है। ताजा रुझानों में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने बीजेपी (Bhartiya Janta Party) के प्रत्याशी पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान से बढ़त बना रखी है। राजनीतिक विश्लेषक भी कह रहे हैं कि यह देखना दिलचस्प होगा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की डबल इंजन की सरकार की नीतियों पर जनता अपनी मुहर लगाती है या दोबारा यहां पर सपा की वापसी होती है।

शुरुआती चरण में पिछड़ी बीजेपी
मऊ की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव मतगणना के दौरान ईवीएम के पहले चरण की गिनती में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान से 1372 वोटों से आगे चल रहे हैं। ईवीएम से डाले गए वोटों की गिनती के पहले चरण में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को 6844 वोट मिले हैं जबकि भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को 5472 वोट मिले हैं।
शुरुआती बढ़त को सपा ने बताया जीत का आगाज
सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय ने मतगणना में मिले शुरुआती रुझानों के बाद ट्वीट किया है। राजीव राय ने कहा है कि शुरुआती रुझानों के साथ सपा ने घोसी में जीत का आगाज कर दिया है। घोसी की जनता एक बार फिर सपा को ही चुनेगी। उन्होंने कहा कि दूसरे राउंड में हम 1372 वोटों से आगे हैं और जैसे जैसे चरण आगे बढ़ेगा यह मार्जिन बढ़ता जाएगा।
INDIA Alliance की परीक्षा
दअरसल में 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले देश में INDIA Alliance बना है जिसमें समाजवादी पार्टी भी शामिल है। इस चुनाव की अहमियत को देखते हुए कांग्रेस ने भी यहां अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा था कि घोसी में कांग्रेस सपा का समर्थन करेगी।
32 चरणों तक चलेगी मतगणना
मतगणना केंद्र पर सुबह आठ बजे ही वोटों की गिनती का काम शुरू हो गया था। पहले चरण में पोस्टल बैलेट की गिनती का काम हुआ उसके बाद पहले राउंड की गिनती की गई। पहले राउंड में समाप्त होते होते सपा के सुधाकर सिंह बीजेपी के दारा सिंह चौहान से आगे हो गए हैं। हालांकि यहां मतगणना 32 चरणों तक चलेगी।
2.17 लाख मतों की होनी है गिनती
पर हुए उपचुनाव में करीब 50 फीसदी वोट यानी 2.17 लाख मतों को गिना जाना है। विधानसभा क्षेत्र घोसी में उप निर्वाचन के दृष्टिगत होने वाले मतगणना कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी तरह का कोई हंगामा न हो।
मतगणना स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
घोसी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 32 चरणों में होगी। CCTV कैमरे के जरिए से पूरी निगरानी की जा रही है। मतगणना स्थल पर 14 टेबल बनाए गए हैं और मतगणना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। काउंटिंग के लिए 19 मतगणना टीमों का चयन किया गया है जबकि मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है।
घोसी के नतीजों पर सबकी निगाहें
घोसी उपचुनाव के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं क्योंकि सपा ने इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। अखिलेश यादव समेत सपा के सभी दिग्गज नेताओं ने यहां धुआंधार प्रचार किया था। सपा के नेताओं को भरोसा है कि इस बार भी 2022 की तरह घोसी की जनता का आशीर्वाद सपा को मिलेगा। हालांकि इस बार लड़ाई काफी कड़ी मानी जा रही है।
INDIA और NDA के बीच मुकाबला
इस सीट पर एक तरफ जहां अखिलेश की अगुवाई में कांग्रेस समेत कई दल बीजेपी के खिलाफ लगे हुए थे वहीं बीजेपी भी अपने सहयोगी दलों ओम प्रकाश राजभर, अनुप्रिया पटेल, संजय निषाद के सहारे यहां जीत का ख्वाब देख रही है। 2022 में बीजेपी को यहां दारा सिंह चौहान ने ही हराया था जो उस समय सपा के टिकट पर मैदान में थे।












Click it and Unblock the Notifications