ट्रेन धीमी होते ही कूद कर भाग गया जर्मन कैदी, दरोगा समेत 4 पुलिसवालों पर FIR
इलाहाबाद। यूपी के इलाहाबाद में रविवार की रात पुलिस को चकमा देकर एक जर्मन कैदी भाग निकला। कैदी को सोनभद्र जिला कारागार से हिमाचल प्रदेश ले जाया जा रहा था। रात लगभग ढाई बजे इलाहाबाद के बमरौली रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन धीमी होने पर कैदी ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। जर्मन कैदी को दिल्ली वाराणसी के बीच चलने वाली मंडुवाडीह एक्सप्रेस से एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी लेकर जा रहे थे।

पुलिसकर्मियों पर दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में इलाहाबाद के धूमनगंज थाने में जर्मन कैदी के अलावा दरोगा समेत चारों पुलिस वालों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जर्मन कैदी की तलाश कर रही है साथ ही हिमाचल पुलिस से भी इस बाबत संपर्क किया गया है। इसके बारे में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष धूमनगंज ने बताया कि होलिगर एरिक नाम का जर्मन नागरिक सोनभद्र जिला कारागार से हिमाचल प्रदेश ले जाया जा रहा था। बमरौली में वह ट्रेन से कूदकर भागा है। लापरवाही बरतने वाले चारों पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। हिमाचल पुलिस से संपर्क किया गया है कि आखिर जर्मन बंदी किस मामले में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था।
कुल्लू मनाली में दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार जर्मनी निवासी होलिगर ऐरिक पर हिमाचल के कुल्लू मनाली में भी मुकदमा दर्ज था। वहां की पुलिस ने बी वारंट बनवाकर जेल में तामिला कराया था। रविवार को दरोगा सत्येंद्र विक्रम सिंह और सिपाही सत्यप्रकाश, संदीप और अनिल, एरिक को लेकर मंडुआडीह ट्रेन से जा रहे थे। रात करीब 2:20 पर जब ट्रेन बमरौली स्टेशन के पास धीमी हुई तो ऐरिक ट्रेन से कूद गया। एरिक के फरार हो जाने के बाद अब पुलिस ने उस पर एक और मुकदमा दर्ज कर उसका आपराधिक रिकॉर्ड तलाशना शुरू कर दिया है। अभी तक यह पता चला है कि हिमाचल व यूपी में ऐरिक पर तीन मुकदमा दर्ज हुआ है।
ये भी पढ़ें- ट्रेन की सीट के नीचे से आ रही थी बदबू, सूटकेस में ठूंस कर रखी थी मां-बेटी की अर्धनग्न लाश












Click it and Unblock the Notifications