गड़ा सोना मिल जाए इसलिए दो बच्चों की बलि चढ़ाने चला
घर के अंदर गड्ढा खुदा देख बच्चे डर गए और रात में पेशाब के बहाने बच्चे मौके से भाग निकले और घर जाकर अपनी आपबीती मां-बाप को सुनाई।
उन्नाव। घर के अंदर सोना गड़ा होने और तीन बच्चों की बलि चढ़ाने का सपना आने पर अधेड़ ने पूरी योजना बना ली। गांव से ही बच्चों को फुसलाकर घर के अंदर कर लिया। लेकिन मौके से बच्चों के भाग जाने के बाद उसकी योजना धरी की धरी रह गई। बच्चों ने जाकर अपनी आपबीती मां-बाप को सुनाई। इधर बच्चों के भागने के बाद अधेड़ भी मौके से फरार हो गया और लगभग 5 दिन बाद वापस आया। जिसे देख कर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अधेड़ तांत्रिक को गिरफ्तार किया और थाना ले आई। जहां उससे पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार अधेड़ ने बताया कि सपने में घर के अंदर 2 किलो सोना गड़ा होने की जानकारी मिली थी लेकिन खुदाई करने पर कुछ नहीं मिला। इसी बीच बच्चे को बलि देने का सपना आया।

मामला पुरवा कोतवाली क्षेत्र के रसीदपुर गांव का है जहां करुणाशंकर दीक्षित को 15 दिन पहले सपना आया था कि उसके घर में 2 किलो सोना गड़ा है। जिसे पाने के लिए बच्चों की बलि चढ़ानी है। सपने के मुताबिक उसने घर में खुदाई की तो कुछ नहीं मिला। फिर 9 जुलाई को उसने गांव के दो लड़कों को बहाने से घर पर बुला लिया। घर के अंदर गड्ढा खुदा देख बच्चे डर गए और रात में पेशाब के बहाने बच्चे मौके से भाग निकले और घर जाकर अपनी आपबीती मां-बाप को सुनाई।

बच्चों के भागने के बाद करुणाशंकर भी मौके से फरार हो गया। वहीं आरोपी जब वापस घर लौटकर आया तो गांव वालों ने करुणाशंकर को देखकर पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करुणाशंकर को गिरफ्तार कर लिया। करुणाशंकर ने बताया कि उसे बच्चों की बलि नहीं बल्कि नाखून चढ़ाना था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस आरोपी करुणाशंकर से पूछताछ कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications