VIDEO: जिसने किया बच्चे का अपहरण, वही करता रहा तलाश...CCTV में खुला राज
बच्चे के गायब होने की सूचना जब एहसान को मिली तो वो भी नदीम के घर आ गया और गुरुवार की शाम साढ़े तीन बजे तक नदीम को अपनी बाइक पर बैठाकर बच्चे की तलाश करता रहा। इसके बाद एहसान अचानक गायब हो गया।
सहारनपुर। गुरुवार की सुबह घर से गायब हुए एक पांच साल के बच्चे को देर रात बरामद कर लिया गया है। शव के बरामद होने और एक आरोपी के पकड़े जाने के बाद बालक की हत्या करने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने अपहरण और हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक सीसी टीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें आरोपी बालक का अपहरण कर अपने साथ ले जाते हुए दिख रहा है।

बच्चे की तलाश कराता रहा अपहरणकर्ता
मामला देवबंद कोतवाली क्षेत्र के कस्बा देवबंद मोहल्ला सफेद मस्जिद का है। यहां के रहने वाले नदीम की मोहल्ले के ही एहसान नाम के एक शख्स से दोस्ती है। दोनों में ऐसा याराना है कि दोनों काफी समय से एक-दूसरे के नजदीक हैं। गुरुवार की करीब 11 बजे नदीम का पांच वर्षीय बालक जैद अचानक गायब हो गया तो परिजनों को चिंता हुई। बच्चे के गायब होने की सूचना जब एहसान को मिली तो वो भी नदीम के घर आ गया और गुरुवार की शाम साढ़े तीन बजे तक नदीम को अपनी बाइक पर बैठाकर बच्चे की तलाश करता रहा। इसके बाद एहसान अचानक गायब हो गया। बताया जाता है कि शाम करीब चार बजे एहसान के मोबाइल की लोकेशन सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर मिली।

बच्चे के अचानक गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई तो आनन-फानन में पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने मोहल्ले में ही स्थित एक मकान के बाहर लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो पता चला कि एहसान ही बच्चे को अपने साथ लेकर जाता हुआ नजर आ रहा है। रात करीब बारह बजे एहसान को देवबंद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी देवबंद ने बताया कि एहसान से पूछताछ की जा रही है।
एहसान की निशानदेही पर देवबद के मोहल्ला कोला बस्ती स्थित तालाब से बच्चे का शव बरामद हुआ है। अभी तक की पूछताछ में ये पता चला है कि एहसान ने बच्चे को तालाब में डूबोकर उसकी हत्या की है। चूंकि बच्चा एहसान को अच्छी तरह से जानता था, इसलिए वो एहसान के साथ चला गया। हत्या के कारणों के पीछे अभी तक मात्र तीन हजार रुपए के लेन-देन की बात सामने आई है।












Click it and Unblock the Notifications