बलरामपुर: स्वास्थ्य मंत्री की करारी हार, 4 सीटों पर भाजपा का कब्जा
बलरामपुर जिले की गैसड़ी सीट पर सपा मंत्री की प्रतिष्ठा दांंव पर लगी थी। उनकी करारी हुई और वे तीसरे नंबर पर रहे। चारों सीट पर भाजपा ने कब्जा किया है।
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में चर्चित रही गैसड़ी विधानसभा सीट से सूबे के कद्दावर नेता समाजवादी पार्टी से सरकार में मंत्री रहे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री एसपी यादव की प्रतिष्ठा दांव पर थी लेकिन मतगणना की प्रक्रिया पूरी होते-होते उनकी प्रतिष्ठा खाक हो गई और वह तीसरे नंबर पर पहुंच गए। जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने अपने जीत का परचम लहरा दिया।

तुलसीपुर विधानसभा सीट
बात अगर विधानसभा सीट तुलसीपुर की करें तो यहां भारतीय जनता पार्टी ने कैलाश नाथ शुक्ला को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। बेहद ही सरल स्वभाव के कैलाश नाथ शुक्ला पेशे से अधिवक्ता हैं और इनके पास खुद के चलने के लिए कोई चार पहिया गाड़ी भी नहीं थी। सालों की तपस्या के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बिना किसी जोर व सिफारिश के इन्हें एक कर्मठ कार्यकर्ता के तौर पर चयनित करते हुए भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर दिया । जबकि प्रत्याशियों की लंबी फेहरिस्त थी लेकिन सभी का नाम खारिज हो गया। भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी कैलाश नाथ शुक्ला के सामने कांग्रेस की मजबूत उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही पूर्व बाहुबली सांसद रिजवान जहीर की बेटी जेबा रिजवान ने कड़ी टक्कर दी। यहाँ सपा कांग्रेस का गठबंधन टूट गया था और जेबा को 43637 वोट मिले। वहीं एक निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लड़ रहे राजेश्वर मिश्रा ने भी अपने पाले में 26011 वोट किए, वहीं तुलसीपुर सीट से वर्तमान विधायक रहे एवं सपा प्रत्याशी मशहूद खां ने 36549 वोट हासिल की जिसके चलते जेबा रिजवान को करारी हार मिली और कैलाश नाथ शुक्ला ने तुलसीपुर विधानसभा सीट पर जीत का परचम लहरा दिया।

गैसड़ी विधानसभा सीट
गैसड़ी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे एवं सरकार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री रहे एसपी यादव की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। राज्यमंत्री हरसंभव चुनाव जीतना चाहते थे और अपनी प्रतिष्ठा बचाना चाहते थे। लेकिन यहां भी एक निर्दलीय प्रत्याशी ने उनके सपनों पर पानी फेर दिया। मंत्री जी के सामने पूर्व विधायक अलाउद्दीन खां बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे जिनको जनता ने 53413 वोट दिए। यहां से भारतीय जनता पार्टी ने शैलेश कुमार सिंह शैलू जो कि लखनऊ यूनिवर्सिटी में अध्यक्ष रह चुके हैं उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया था। यहाँ भी समीकरण बिगाड़ने का सारा दारोमदार निर्दलीय प्रत्याशी अनुराग यादव को जाता है जिन्होंने इस विधानसभा से कुल 27652 वोटों को अपने पाले में कर लिया और इन्हीं वोटों के चलते ना तो अलाउद्दीन खाँ जीत नहीं सके और ना ही मंत्री जी अपनी साख बचा सके। यहां की जनता ने मंत्री को महज 46378 वोट ही दिए। यहां भी भारतीय जनता पार्टी के शैलेश कुमार सिंह शैलू ने 55716 वोट हासिल कर परचम लहरा दिया।

उतरौला विधानसभा सीट
उतरौला विधानसभा सीट की बात करें तो यहां के दबंग विधायक माने जाने वाले आरिफ अनवर हाशमी का काफी दबदबा माना जाता है। यूं कहते हैं कि जो वो कहते हैं इस विधानसभा क्षेत्र में वही होता है। यहाँ दबंगई से त्रस्त जनता को इस बार भारतीय जनता पार्टी ने रामप्रताप वर्मा के रूप में अपना नया विधायक दे दिया और पूर्व सपा विधायक आरिफ अनवर हाशमी को 56066 वोट ही मिले। भाजपा प्रत्याशी को जनता ने वोटिंग करते समय अपना 85240 मत भारतीय जनता पार्टी के पाले में डाला। यहां बसपा से चुनाव लड़ रहे परवेज उमर को भी करारी हार का सामना करना पड़ा, उन्हें महज 44799 वोट ही मिले।

बलरामपुर विधानसभा सीट
बात बलरामपुर सदर सीट से करें तो यहां कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर जमीनी नेता माने जाने वाले शिवलाल मैदान में थे। उनको टक्कर देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बाहुबली सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी माने जाने वाले पलटू राम को टिकट दिया था। यहां से एक और चर्चित चेहरा बसपा के पूर्व विधायक राम सागर अकेला बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर मैदान में थे जिनको जनता ने महज 26011 वोट दिए। यहां भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन रंग नहीं लाया। उन्हें करारी शिकस्त खानी पड़ी और उन्हें महज 64541 वोट ही मिले जबकि भाजपा के पलटू राम को 89401 वोट मिले और उनको जीत मिली।
जीत की खबर सुनते ही चारों नवनिर्वाचित विधायक एक साथ मतगणना स्थल पहुंचे और प्रमाण पत्र लेकर मीडिया से मुखातिब हुए। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की बात करते हुए समस्त विधायकों ने एक सुर में इस जीत को मोदी का जादू बताया और कहा हम कुछ नहीं है, जो है सब शीर्ष नेतृत्व का कमाल है, सब मोदी का जादू है। उन्होंने कहा कि हमारा क्षेत्र बेहद ही पिछड़ा है, हम विधानसभा जा रहे हैं और जल्दी बड़े पैकेज के साथ लौटेंगे और क्षेत्र की टूटी पड़ी सड़कों, स्कूल और अस्पतालों का इस कदर कायाकल्प करेंगे कि जनता को समाजवादी सरकार की याद भी नहीं आएगी और वह भाजपा के विधायकों का कार्यकाल कभी भूल भी नहीं पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications