America में 4 भारतियों की संदिग्ध मौत, पत्नी और 2 बच्चों समेत UP के इंजीनियर का इस हालत में मिला शव
उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी मैकेनिकल इंजीनियर तेज प्रताप, उसकी पत्नी व दो नाबालिग बच्चों की अमेरिका में संदिग्ध परिस्तिथियों में मौत हो गई है। चारों के शव घर में संदिग्ध हालत में मिले हैं। घटना के बाद परिवार के लोग भारतीय दूतावास के संपर्क में है, जिससे घटना की सही जानकारी मिल सके। वहीं परिवार में मातम छा गया है।
बता दें कि 45 वर्षीय तेज प्रताप सिंह ने कानपुर IIT से बीटेक किया था। उनका घर जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला राजेंद्र नगर बंबी रोड पर है। साल 2009 में वो अमेरिका के न्यू जर्सी सिटी प्लेंसबोरो शिफ्ट हो गए थे। वहां तेज प्रताप एक कंपनी में इंजीनियर थे।

तेज प्रताप न्यू जर्सी सिटी के प्लेंसबोरो में अपनी पत्नी सोनल (40), बेटे आयुष (10) और बेटी ऐमी (7) के साथ रह रहे थे। जानकारी अनुसार, बुधवार रात को न्यूजर्सी स्थित आवास पर चारों लोगों के संदिग्ध हालात में शव पाए गए। जिसके बाद मामले की जानकारी वहां की पुलिस और जांच एजेंसी ने भारतीय दूतावास को दी। साथ ही स्थानीय पुलिस घर को सीज कर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

इधर, तेज प्रताप सिंह के पड़ोसियों ने बताया कि भारतीय दूतावास की तरफ से ही तेज प्रताप सिंह के परिजनों को जानकारी दी गई है। इसके बाद पूरा परिवार दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।












Click it and Unblock the Notifications