कानपुर: प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक प्लॉट पर कब्जे को लेकर जमकर फायरिंग और तोड़फोड़ हुई। दिन-दहाड़े गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। फायरिंग की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। जिस वक्त ये पूरा वाकया हुआ, उस वक्त एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई।

ज्ञानेश कुमार सिंह नाम के शख्स का दावा है कि चकेरी थाना क्षेत्र के शिवकटरा इलाके में उन्होंने साझेदारी करके प्लॉट खरीदा था। उनका आरोप है कि क्षेत्र का ही एक अन्य शख्स रोहित निषाद उस प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से 19 तारीख को अपने साथ असलहाधारी लोगों को लेकर पहुंचा और प्लॉट के गेट का ताला तोड़कर उसमे रखा सारा सामान बाहर फेंक दिया। रोहित निषाद जिस समय अपने असलहाधारियों के साथ प्लॉट पर पहुंचा था, उस समय एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई।
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से असलहाधारी प्लॉट के पास पहुंचे। ज्ञानेश कुमार सिंह ने उस समय पुलिस में कोई शिकायत नहीं की। लेकिन एक बार फिर से वही लोग उसी घटना को अंजाम देने पहुंचे। आरोप है कि रोहित अपने साथियों के साथ प्लॉट के गेट का ताला तोड़ने लगा। ज्ञानेश ने विरोध किया तो उन लोगों ने फायरिंग कर दी। जिसमें ज्ञानेश को गोली के छर्रे लग गए।
दिन दहाड़े गोलियों की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। ज्ञानेश ने प्लॉट पर कब्जा करने और विरोध पर फायरिंग करने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ करके सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications