Fatehpur Accident: अस्थि विसर्जन को निकला परिवार हादसे का शिकार, मां-बाप के साथ ही चार की चली गई जान
Fatehpur Accident News: झांसी से प्रयागराज जा रही एक कार शनिवार सुबह फतेहपुर के खागा इलाके में भीषण हादसे का शिकार हो गई। हाईवे पर खड़े डंपर से टकराने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीर भी सकते में आ गए।
कार सवार सभी लोग एक बेटे की अस्थियों को लेकर प्रयागराज जा रहे थे, लेकिन किस्मत ने ऐसी पलटी मारी कि पूरा परिवार ही हादसे का शिकार हो गया। मरने वालों में एक दंपती, उनके रिश्तेदार और परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। सभी झांसी से देर रात निकले थे।

हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक जाम जैसी स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी सीएचसी पहुंचाया और मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया है।
हादसे के बाद तेज आवाज से जागे लोग
शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे जब ज्यादातर लोग नींद में थे, तभी सुजानीपुर चौराहे पर एक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। स्थानीय दुकानदार और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़े। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और लोग उसमें फंसे हुए थे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ ही एंबुलेंस काे घटना की जानकारी दी। सभी को सीएचसी हरदो ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
अस्थियां लेकर निकले थे प्रयागराज
जानकारी के मुताबिक, झांसी के दीनदयाल नगर निवासी रामकुमार शर्मा (55), उनकी पत्नी कमलेश भार्गव (50), शुभम (35), पराग चौबे (50), चारू (35) और 12 वर्षीय काश्विक कार से प्रयागराज जा रहे थे। वे रामकुमार के बेटे आदित्य की अस्थियां गंगा में विसर्जित करने निकले थे।
14 अप्रैल को मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में आदित्य की डूबने से मौत हो गई थी। शव मिलने के बाद परिजनों ने 17 अप्रैल को उसका अंतिम संस्कार किया था और अगले दिन रात 10 बजे प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे।
डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई कार
हाईवे किनारे खड़े डंपर में पीछे से कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
इंस्पेक्टर खागा हेमंत कुमार मिश्र ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications