'वीभत्स और शर्मनाक घटना पर नहीं करनी चाहिए राजनीति', अयोध्या रेप केस पर अवधेश प्रसाद ने बीजेपी को घेरा
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक 12 साल की नाबालिक लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। इस मामले में प्रदेश की योगी सरकार ने सख्ती दिखाते हुए कलंदर थानाध्यक्ष रतन शर्मा और भदरसा चौकी इंचार्ज अखिलेश गुप्ता को सस्पेंड कर दिया।
इतना ही नहीं, जिस सपा नेता मोईद खान पर बच्ची से दरिंदगी का आरोप लगा है उसकी बेकरी पर भी योगी सरकार के आदेश के बाद बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोईद खान फैजाबाद से सांसद अवधेश प्रसाद का करीबी बताया जा रहा है।

वहीं, सपा सांसद अवधेश प्रसाद के साथ आरोपी मोईद खान कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर सामने आई है। जिसके बाद राजनीति शुरू हो गई है और सीएम योगी ने विधानसभा में इस घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की थी। साथ ही, आरोपियों को लेकर सपा के सॉफ्ट कॉर्नर की भर्त्सना की थी।
अब इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी के फैजाबाद से सांसद अवधेश प्रसाद की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, '...यह घटना बहुत ही दर्दनाक और शर्मनाक है... इस घटना से संबंधित जो भी लोग हैं उनकी विवेचना की जाए।'
उन्होंने कहा कि सच का पता किया जाए और जो भी दोषी हों कानून के हवाले रख कर सख्ती के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस को भी बिना किसी दबाव के कार्रवाई करनी चाहिए। पीड़िता के साथ समाजवादी पार्टी खड़ी है। इस दौरान उन्होंने बीजेपी को आड़े हाथों लिया।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि भाजपा इस पर राजनीति कर रही है। मेरा ऐसे लोगों से विनम्र निवेदन है कि यह राजनीति का समय नहीं है, यह संवेदना का क्षण है... जो भी दोषी है उस पर कार्रवाई हो। निर्दोषों को फंसाया नहीं जाना चाहिए और डीएनए टेस्ट कराया जाना चाहिए।
साथ ही, पीड़िता की आर्थिक मदद भी की जानी चाहिए। मैंने कभी भी किसी ऐसे व्यक्ति को अपने पास नहीं आने दिया, जिसका अपराध से थोड़ा भी संबंध हो। मैंने उनसे कभी किसी तरह की मदद नहीं ली। जहां तक फोटो (आरोपियों के साथ) की बात है। लाखों लोग हमारे साथ फोटो खिंचवाते हैं, सेल्फी लेते हैं...भाजपा को इस तरह की राजनीति नहीं करनी चाहिए।
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) की बहुत पुरानी विचारधारा है और हम नहीं बता सकते कि मुसलमानों, यादवों से उनकी क्या दुश्मनी है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। भारतीय जनता पार्टी को ऐसी वीभत्स, शर्मनाक घटना पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications