'मेरी अस्थियां नाले में विसर्जित कर दो', पत्नी से प्रताड़ित एक और पति ने दी जान, फांसी से पहले बनाया Video
Etawah News: बेंगलुरु के अतुल सुभाष जैसा ही एक और मामला उत्तर प्रदेश के इटावा (Etawah) जिले से सामने आया है। यहां फील्ड इंजीनियर पति ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों की कथित प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। उसका शव पुलिस ने जौली होटल के एक कमरे से बरामद किया है।
सुसाइड करने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया था। जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों की मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो में कहा कि मैं मानसिक प्रताड़ना को बर्दाश्त नहीं कर पाया। इसलिए मैं यह कदम उठा रहा हूं, पापा-मम्मी मुझे माफ कर देना।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 33 वर्षीय मोहित यादव एक सीमेंट की कंपनी में फील्ड इंजीनियर के पद पर तैनात थे और वे औरैया (Auraiya) जिले के दिबियापुर के रहने वाले थे। खबर के मुताबिक, मोहित लंबे समय से प्रिया यादव के साथ रिलेशनशिप में थे, जिनसे बाद में उन्होंने शादी कर ली। कुछ दिन तक तो जीवन में सब ठीक चलता रहा।
इस बीच प्रिया को बिहार के समस्तीपुर में प्राथमिक शिक्षक की नौकरी नहीं मिल गई। उसके बाद, प्रिया ने अपने रंग दिखाने शुरु कर दिए। मोहित के परिवार वालों का आरोप है कि उसने अपनी माँ और भाई के कहने पर मोहित को मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया। मकान-जमीन सब अपने नाम करने का दबाव भी बनाने लगी।
सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
आत्महत्या करने से पहले मोहित ने जो वीडियो जारी किया था, उसमें कहा कि उसकी मां ने मेरे बच्चे का गर्भपात करवा दिया। मेरी दी हुई सारी ज्वेलरी और साड़ियां अपने पास रख लीं, जिन पर उनका कोई अधिकार नहीं था। वीडियो में मोहित ने कहा कि पत्नी के पिता अनुज कुमार ने मेरे खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई। उसके भाई ने भी मुझे जान से मारने की धमकी दी।
पत्नी ने मेरे साथ रहकर हर दिन झगड़े और मानसिक प्रताड़ना देना शुरू कर दिया। उसकी फैमिली भी इस साजिश में उसके साथ शामिल थी। जब तक यह वीडियो लोगों को मिलेगा, मैं इस दुनिया से जा चुका होऊंगा। अगर मेरी मौत के बाद भी मुझे इंसाफ न मिले, तो मेरी अस्थियां नाले में बहा देना। मम्मी-पापा, मुझे माफ़ कर देना। मैं आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।
पूरे मामले की जांच कर रही पुलिस
फिलहाल, सुसाइड की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस पूरे मामल की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक मोहित के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी के मुताबिक,हमें रेलवे स्टेशन रोड पर जॉली होटल से सूचना मिली थी। मोहित ने कमरा नंबर 105 में चेक इन किया था और बाहर नहीं आया था। जब हमने दरवाजा खोला, तो वह लटका हुआ था।
हमने फोरेंसिक जांच की और एक रिपोर्ट तैयार की। अभी तक की जांच में पता चला है कि मोहित ने आत्महत्या से पहले किसी से वीडियो कॉल पर बात की थी। इसकी जांच की जाएगी। बताया कि मोहित का मोबाइल और लैपटॉप भी कब्जे में ले लिया गया है। वहीं, मोहित के भाई तरन प्रताप ने बताया कि मेरा भाई मोहित नोएडा में एक सीमेंट कंपनी में काम करता था।
यहीं उसकी मुलाकात प्रिया से हुई और दोनों के बीच 7 साल तक रिश्ता रहा। उसके बाद हमने उनकी शादी तय की। पहले तीन महीने तक तो सब ठीक रहा, लेकिन फिर प्रिया ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसने उसे परिवार से अलग कर दिया और झूठे मुकदमे की धमकी देते हुए उस पर संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बनाने लगी।
इस दबाव में आकर मेरे भाई ने खुदकुशी कर ली। उसने एक रात पहले वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वहीं, अब इस पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है।
नोट: अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में खुदकुशी जैसा कोई ख्याल आता है तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है। तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें। यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे। याद रखिए जान है तो जहान है।)
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications