E-Library Yojana UP: ग्रामीण छात्रों को मिलेगा फ्री इंटरनेट और ई-बुक्स, जानें योगी सरकार की नई योजना!
E-Library Yojana UP: योगी सरकार प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को डिजिटल युग के अनुरूप बनाने के लिए बड़ा कदम उठा रही है। सरकार ने पहले चरण में 22,700 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके बाद प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना होगी।
इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण छात्रों को ई-बुक्स, डिजिटल कंटेंट और आधुनिक शैक्षिक संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था ऐसी हो कि हर छात्र को उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री मिल सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन ग्राम पंचायतों की निगरानी में होगा। ग्राम प्रधान और सचिव इसके सुचारू संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। पंचायत स्तर पर सहायक अधिकारियों की नियुक्ति भी की जाएगी, जो लाइब्रेरी के रखरखाव, उपयोग और मॉनिटरिंग का कार्य देखेंगे।
इस पहल से ग्रामीण बच्चों को पढ़ाई के लिए अत्याधुनिक संसाधन मिलेंगे। डिजिटल लाइब्रेरी में छात्रों के लिए पाठ्य पुस्तकों के साथ ऑडियो-विजुअल टूल्स, ऑनलाइन लेक्चर, ई-बुक्स और प्रश्नोत्तरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी के लिए सरकार देगी 4 लाख
योगी सरकार प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी के लिए 4 लाख रुपये का बजट निर्धारित करेगी। इसमें से 2 लाख रुपये डिजिटल उपकरणों जैसे कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट सुविधाओं पर खर्च होंगे, जबकि शेष 2 लाख रुपये डिजिटल और हार्डकॉपी किताबों की खरीद पर लगाए जाएंगे।
इसके अलावा, इंटरनेट की सुविधा से छात्रों को ऑनलाइन अध्ययन और शोध कार्यों में सहायता मिलेगी। छात्रों को डिजिटल शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान भी मिलेगा, जिससे वे डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को मजबूत कर सकेंगे।
शिक्षा के डिजिटलीकरण की ओर बड़ा कदम
सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और ग्रामीण छात्रों को डिजिटल साक्षर बनाना है। यह योजना 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है, जिसमें शिक्षा के डिजिटलीकरण पर जोर दिया गया है।
इस योजना से न केवल छात्रों को लाभ होगा, बल्कि गांवों में शिक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से छात्र आत्मनिर्भर बन सकेंगे और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी संसाधन उपलब्ध होंगे।












Click it and Unblock the Notifications