Drone News UP: गन्ने के खेतों में छिपे ड्रोन ऑपरेटर की अफवाह, गांव में पहरा, पुलिस बोली- कोई सबूत नहीं मिला
Drone News UP: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों के कई गांवों में इन दिनों एक अनजानी चिंता गहराती जा रही है। रात के अंधेरे में आसमान में उड़ते ड्रोन लोगों की नींदें उड़ा रहे हैं। कहीं गांव वाले पहरा दे रहे हैं तो कहीं फायरिंग तक की खबरें हैं।
औरंगाबाद थाना क्षेत्र के राजगढ़ी गांव में शनिवार रात को एक ड्रोन मंडराता देखा गया। लोगों ने शोर मचाया और खेतों की घेराबंदी की। यहां तक कि फायरिंग भी की गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि फायरिंग की बात झूठी है।

अब हालात यह हैं कि कई गांवों में रात में ग्रामीण हाथों में लाठी और टॉर्च लेकर गश्त कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इन ड्रोन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं लेकिन पुलिस इसे अफवाह करार दे रही है।
20 से ज्यादा गांवों में दिखे ड्रोन
औरंगाबाद से लेकर शमशाबाद, भीखनपुर और मूढ़ी बकापुर जैसे गांवों तक ड्रोन की मौजूदगी की खबरें फैली हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ये ड्रोन रात में घरों की छतों को स्कैन करते हैं और इन्हें चोर गिरोह चला रहा है।
लोगों को डर है कि ये ड्रोन पशु चोरी या घर में सेंधमारी की साजिश से जुड़े हो सकते हैं। कुछ ने दावा किया है कि ड्रोन में रंग-बिरंगी लाइटें लगी थीं जो कई मिनट तक हवा में मंडराती रहीं।
खेतों में छिपे होने की आशंका पर हड़कंप
राजगढ़ी गांव के कुछ लोगों का कहना है कि ड्रोन उड़ाने वाले शरारती तत्व गन्ने के खेतों में छिप गए थे। ग्रामीणों ने चारों तरफ से खेतों को घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया।
उसके बाद लोगों द्वारा थाने पर सूचना देने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की गई। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
फर्जी अफवाहें हैं, सतर्क रहें ग्रामीण
औरंगाबाद थाने के एसओ वरुण शर्मा ने स्पष्ट किया कि ड्रोन को लेकर फैलाई जा रही बातें महज अफवाहें हैं। उन्होंने कहा कि फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है और गांव वालों को अफवाहों से सतर्क रहने की जरूरत है।
पुलिस का यह भी कहना है कि कई टीमों ने रात में इलाके में गश्त की थी लेकिन उन्हें कुछ ऐसा या फिर असामान्य नहीं मिला। फिलहाल, इस मामले को लेकर गावों में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।
वायरल वीडियो से पिलखुवा में मचा हड़कंप
गढ़मुक्तेश्वर के बाद अब पिलखुवा के मोहल्ला प्रहलादनगर में भी ड्रोन देखने का दावा किया गया है। एक युवक ने रात 12:30 बजे आसमान में मंडराते ड्रोन का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कोई इसे हवाई जहाज बता रहा है तो कोई शरारती तत्वों की करतूत। कई लोगों का कहना है कि ऐसी अफवाहें केवल भ्रम पैदा कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications