Maharajganj News:त्यौहारों पर भूल से भी किया यह काम तो होगी सख्त कार्रवाई, डीएम ने दिए खास निर्देश
Maharajganj Latest News Uttar Pradesh: आगामी पर्वों के दृष्टिगत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न समुदायों के साथ पीस कमेटी की बैठक की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग आगामी त्योहारों में शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का अनुपालन सुनिश्चित करें। जुलूस से पहले निर्धारित शर्तों के अनुसार पूर्वानुमति अवश्य ले लें। जुलूस,कार्यक्रम में कोई भी अप्रिय स्थिति होने पर पूरी जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
जुलूस में मानक के अनुसार डीजे की आवाज रखें और जुलूस में झंडा लगाने के लिए धातु का इस्तेमाल न करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़कों पर अनावश्यक झंडे पोस्टर बैनर को अभियान चलाकर हटवा लें। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर विद्युत खंबो और विद्युत तारों का सर्वे कर उनकी मरम्मत करवा लें। कहीं पर भी तार निर्धारित सीमा से नीचे लटकते न मिलें।

उन्होंने सभी एसडीएम को सीओ के साथ संवेदनशील क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण का निर्देश दिया। साथ ही अराजक तत्वों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही करें।
पुलिस अधीक्षक भी दोनो पक्षों को संबोधित करते हुए परस्पर भाईचारे के साथ आगामी पर्वों को मनाने की अपील की। कहा कि परम्परागत आयोजनों की पूर्वानुमति ले लें। किसी नवीन परंपरा की शुरुआत न करें। जुलूस आदि से अराजक तत्वों को दूर रखें। किसी प्रकार की आशंका उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक खबर/अफवाह न फैलाएं और न ही ऐसी खबरों के प्रभाव में आएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर है और आपत्तिजनक अथवा भ्रामक खबर पोस्ट करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करते हुए कड़ी नजर रखने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया। साथ ही बाजारों में सादी वर्दी में पुलिस वालों को निगरानी हेतु तैनात करने का निर्देश दिया।
इससे पूर्व दोनों समुदायों के प्रबुद्ध जनों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बातों को रखा। दोनों समुदायों के लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों को अश्वस्त किया कि आगामी त्यौहारों को परस्पर सद्भावना व भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
बैठक का संचालन शमशुल हुदा ने किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार वर्मा, सभी एसडीएम और सीओ सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications