पीएम मोदी पर डिंपल यादव का तीखा पलटवार, बोलीं- पुलवामा के शहीदों की पत्नियों का मंगलसूत्र किसने छीना
समाजवादी पार्टी की नेता डिंपल यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलसूत्र वाले बयान पर पलटवार करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि आखिर पुलवामा में जो जवान मारे गए उनकी पत्नियों के मंगलसूत्र को किसने छीना।
दरअसल पीएम मोदी ने एक चुनावी रैली के दौरान कहा था कि कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो वह लोगों की संपत्ति को फिर से मुसलमानों में बांट देगी। पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस बयान का हवाला दिया जिसमे उन्होंने कहा कि देश के संशाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है। पीएम ने कहा कि ये लोग आपके मंगलसूत्र को भी नहीं छोड़ेंगे।

पीएम के इस बयान की तीखी आलोचना करते हुए डिंपल ने कहा कि जो लोग मंगलसूत्र की बात करते हैं उन्हें पुलवामा की घटना के बारे में भी बात करनी चाहिए। हमारे जवान शहीद हुए और उनकी पत्नियों के मंगलसूत्र किसने छीने। इन लोगों को इसका जवाब देना चाहिए आखिर पुलवामा हमले के पीछे कौन था। इस घटना के बारे में सरकार ने क्या किया।
गौर करने वाली बात है कि पुलवामा हादसे में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे। सीआरपीएफ के काफिले पर एक विस्फोटक से लदे वाहन ने फरवरी 2019 में टक्कर मार दी थी, जिसके बाद सीआरपीएफ की ट्रक में विस्फोट हुआ और इसमे सवार 40 जवान शहीद हो गए थे।
बता दें कि समाजवादी पार्टी विपक्षी गठबंधन इंडी का हिस्सा है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान होगा। उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होगा।
जिसमे अमरोहा, मेरठ, मथुरा, बागपत, अलीगढ़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर शामिल है। हालांकि सपा और कांग्रेस इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन बसपा अकेले ही चुनाव लड़ रही है। लिहाजा यह लड़ाई त्रिकोणीय है। इंडी गठबंधन, बसपा और भाजपा व उसके सहयोगी दल इस बार उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए ताल ठोक रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications