Noida Bullet Train: नोएडा को मिला स्पेशल गिफ्ट, इन दो जगहों पर स्टेशन बनाने का प्रस्ताव, क्या आपका घर है पास?
Delhi Varanasi Bullet Train: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट 2026 पेश करते हुए देश में सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की महत्वपूर्ण घोषणा की है। इन सात प्रस्तावित कॉरिडोर में दिल्ली-वाराणसी मार्ग सबसे प्रमुख है, जिसे अब जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी जोड़ने का फैसला लिया गया है। सरकार के इस कदम से दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है।
इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत गौतमबुद्ध नगर जिले में बुलेट ट्रेन के दो स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। पहला स्टेशन दिल्ली के सराय काले खां से निकलने के बाद नोएडा के सेक्टर-148 में बनेगा। इसके बाद ट्रेन का अगला स्टॉप सीधे जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर (GTC) में होगा।

Delhi Varanasi Bullet Train: जेवर पर बनेगा अंडरग्राउंड स्टेशन
नोएडा एयरपोर्ट पर बनने वाला यह स्टेशन अपनी तरह का खास होगा क्योंकि यह पूरी तरह भूमिगत (Underground) बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIAL) के बीच पहले ही तकनीकी सहमति बन चुकी है। बजट में इस रूट को शामिल किए जाने के बाद अब इसे जल्द ही विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) का हिस्सा बनाया जाएगा।
Delhi Varanasi Bullet Train: एक्सप्रेसवे के बीचों-बीच और ऊपर से गुजरेगा ट्रैक
इस रूट की इंजीनियरिंग भी बेहद दिलचस्प होगी। सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट तक का करीब 70 किलोमीटर का ट्रैक नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के ऊपर (Elevated) बनाया जाएगा। यह ट्रैक सड़क के दोनों लेन के बीच के खाली हिस्से (सेंटर वर्स) पर पिलर्स के सहारे खड़ा होगा और आगे चलकर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते एयरपोर्ट तक पहुंचेगा।
Delhi Varanasi Bullet Train: 10 घंटे का समय 3.5 घंटे में
बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद दिल्ली से वाराणसी का सफर, जिसमें अभी 10 से 12 घंटे लगते हैं, वह मात्र 3.5 घंटे में पूरा हो सकेगा। वहीं, सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट की दूरी तय करने में केवल 21 मिनट का समय लगेगा। इससे न केवल आम यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि दुनियाभर से नोएडा एयरपोर्ट आने वाले विदेशी पर्यटकों को भी सीधा और तेज ट्रांसपोर्ट विकल्प मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications