सिर्फ दो घंटे में तय होगा दिल्ली से सहारनपुर का सफर: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले जब दिल्ली से सहारनपुर आना होता था तो 7 घंटे लगते थे, लेकिन आज इस वर्ष के अंत में आप दिल्ली से सिर्फ 2 घंटे में सहारनपुर पहुंचेंगे। आपका सिविल टर्मिनल बनने वाला है। पैसा दे चुके हैं, काम शुरू होने वाला है। यानि एयर कनेक्टिविटी, रेल कनेक्टिविटी और सड़क से भी कनेक्ट किया है। हम जो रैपिड ट्रेन मेरठ तक लाएं हैं, उसे देर-सवेर यहां तक पहुंचना ही होगा।
हस्तशिल्पियों को कहना चाहता हूं कि आप अच्छे से अच्छी तकनीक हासिल कीजिए, आपको प्लेटफॉर्म मिलेगा। हमारे सहारनपुर का कारीगर ऐसे फर्नीचर बनाएगा जो दुनिया में छाएगा। यहां का फर्नीचर छा रहा है। वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट के जरिए हमने इसको पहचान देने का काम किया है। हमने यहां पर एटीएस का सेंटर बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग पूरी तैयारी के साथ इस चुनाव में कार्य करिए। आपको घर-घर जाकर लोगों को मोदी जी की गारंटी को बताना है।

वहीं शामली में कार्यक्रम में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा मोदी जी के नेतृत्व में नौजवान को आजीविका मिलती है तो आस्था को भी सम्मान मिल रहा है। हाल ही में किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह जी को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्राप्त हुआ है। यह विरासत का सम्मान है। चौधरी साहब किसानों के मसीहा थे। उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात तो इसलिए है क्योंकि यूपी के मुख्यमंत्री के तौर पर बहुत दिनों तक प्रदेशवासियों को उनका नेतृत्व प्राप्त हुआ।
लंबे समय तक उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे हुए व्यक्ति के लिए अपनी आवाज बुलंद की थी कि भारत को विकास की बुलंदियों तक पहुंचाना है तो इसका रास्ता गांव के खेत और खलिहानों से होकर जाता है। चौधरी साहब के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश के भीतर 12 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की सौगात दी। किसान पहली बार छह हजार रुपए सालाना प्राप्त कर रहा है। यह चौधरी साहब का सम्मान है। इसीलिए हम आपके बीच आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications