DDU University: कुलपति के नेतृत्व में 44वें दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास
DDU University Gorakhpur Latest News Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास कुलपति प्रो पूनम टंडन के नेतृत्व मे आज महायोगी गुरु श्रीगोरक्षनाथ शोधपीठ में सम्पन्न हुआ।
पूर्वाभ्यास के दौरान महामहिम कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की भूमिका प्रोफेसर सुधा यादव ने निभाई। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि प्रोफेसर आशुतोष शर्मा (आईआईटी के प्रोफेसर, पूर्व सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार) की भूमिका डॉ. कुशल नाथ मिश्रा ने निभाई।

इसी प्रकार विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र यादव की भूमिका डॉ. आमोद राय तथा विशिष्ट अतिथि शिक्षा राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) श्रीमती रजनी तिवारी की भूमिका प्रोफेसर उषा सिंह ने निभाई।
पूर्वाभ्यास में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही उन सभी शोधार्थियों ने भाग लिया जिन्हें दीक्षांत समारोह में पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गाँव के स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में जीत हासिल किए हुए स्कूली बच्चे भी पूर्वाभ्यास में शामिल हुए। इन बच्चों को दीक्षांत समारोह के अवसर पर महामहिम राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
प्रति कुलपति प्रो शांतनु रस्तोगी, दीक्षांत समारोह की संयोजक प्रोफेसर नंदिता आई.पी. सिंह के साथ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पूर्वाभास मे भाग लिया। कार्यक्रम में विद्वत् पदयात्रा का पूर्वाभ्यास भी सम्पन्न हुआ।
25 अगस्त 2025 को आयोजित दीक्षांत समारोह पहली बार विश्वविद्यालय परिसर से बाहर बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित होने जा रहा है। रविवार को पुनः पूर्वाभ्यास गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में किया जाना तय किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications