हरदोई में 9 डकैतों के गैंग का धावा, घरों में घुसकर बंधक बनाकर लूट
हरदोई में डकैतों के गैंग ने घरों में घुसकर जमकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है।
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई में तीन घरों में नौ खतरनाक व शातिर डकैतों का एक गैंग घुस गया और दो घरों के लोगों को बंधक बनाकर लूटा। इस गैंग ने पहले शहर कोतवाली क्षेत्र के लालपालपुर इलाके में जाकर गृहस्वामी रमाकांत के यहाँ डकैती का प्रयास किया और घर के बाहर लेटे रमाकांत के बेटे शभ्भू तिवारी के मुँह में असलहा रख घर का दरवाज़ा खुलवाने के लिए दबाव डाला। मगर उसने दरवाज़ा खोलने से मना कर दिया जिस पर उस डकैतों ने उसपर लाठी व डंडो से प्रहार कर उसे घायल कर दिया।

एक घर में डकैत घुसने में हुए असफल
इस पर घबराये पिता ने दरवाज़ा खोला तो उन बदमाशों ने उनके ऊपर भी वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद गाँव के अन्य लोग इस शोर-गुल से जाग गए। इस दौरान वे लुटेरे वहां से तो भाग गए। फिर भी उन्होंने हार न मानी और एक प्रयास असफल होने के बाद एक अन्य गांव के दो घरों को निशाना बनाकर वहां डकैती की घटना को अंजाम दिया।
डकैतों ने दो अन्य घरों को बनाया निशाना
दरअसल लालपालपुर से कुछ हाथ न लगने के बाद इस गैंग ने हरदोई देहात कोतवाली क्षेत्र के कुढ़वा गाँव के दो घरों को अपना निशाना बनाया। पहले इन बदमाशों ने मोहम्मद हनीफ के घर को निशाना बनाया और उसके हाथ पैर बाँध कर बंधक बना लिया। फिर घर में घुस तोड़-फोड़ भी की और घर का चप्पा-चप्पा छानकर हर एक चीज़ पर अपना हाथ साफ़ किया। करीब दो से ढाई लाख रुपये व नकदी समेट दूसरे घर की तरफ रवाना हो गए जो की छुन्ने लाल व सोनी देवी का घर था।

मौके पर पहुंची पुलिस, कहा करेंगे कार्रवाई
गैंग ने घर वालों को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया। हलाँकि असलहे की नोक पर बदमाशों ने घर के लॉकर की चाभी छुन्नू से ले ली और आसानी से घटना को अंजाम देकर गाँव से चम्पत हो निकले। यहाँ भी तकरीबन दो लाख की लूट को बदमाशों ने अंजाम दिया। मामले से दोनों घरों के पीड़ितों ने अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और कहा है कि कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications