Rinku-Priya wedding: क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की नहीं हुई है रिंग सेरेमनी, पिता ने बताई हकीकत
Rinku-Priya wedding wedding: केराकत विधायक और पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने अपनी बेटी मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रिया और रिंकू की रिंग सेरेमनी हो जाने के दावे को झूठा बताया।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी बालिग है और अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने में सक्षम है। दोनों के बीच एक साल से बातचीत चल रही थी और अब रिश्ता आगे बढ़ने को तैयार है। सोशल मीडिया पर वायरल रिंग सेरेमनी संपन्न हो जाने की तस्वीरें और दावे निराधार हैं।

दरअसल, तूफानी सरोज ने रविवार को वाराणसी के मानापुर (चनौली) में आयोजित किसान सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे थे। यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दोनों परिवार इस रिश्ते को लेकर सहमत हैं। उन्होंने रिंकू सिंह के परिवार से मिलकर बात भी की है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रिंग सेरेमनी और शादी की तारीख दोनों पक्षों के पास समय होने पर तय की जाएगी। सांसद प्रिया सरोज मूल रूप से वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के कठरवा गांव की निवासी हैं।
तूफानी सरोज तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में केराकत विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उन्होंने अपनी बेटी के फैसले को पूरा समर्थन देते हुए रिश्ते को लेकर चल रही अफवाहों पर भी सफाई दी है।
रिंग सेरेमनी पर झूठे दावे और वायरल फोटो
तूफानी सरोज ने सांसद प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की रिंग सेरेमनी से जुड़ी अफवाहों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं तस्वीरें और दावे आधारहीन हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब रिंग सेरेमनी होगी, तो इसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रिया एक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर महिला हैं, जिसने अपने जीवन साथी का चयन अपनी इच्छाओं के अनुसार किया है। कहा कि, मैं चाहता था कि वह एक आईएएस अधिकारी से शादी करे, लेकिन उसने क्रिकेटर को चुना क्योंकि वह बंधनों में बंधकर नहीं, बल्कि खुलकर अपनी जिंदगी जीना चाहती है।
परिवारों की सहमति और शादी की तैयारियां
तूफानी सरोज ने बताया कि दोनों परिवार इस रिश्ते को लेकर बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, मैं खुद रिंकू सिंह के घर जाकर उनके परिवार वालों से मिला हूं। दोनों ही परिवार इस रिश्ते को लेकर सकारात्मक हैं। जल्द ही हम शादी की तारीख तय करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि शादी का कार्यक्रम दोनों के करियर की व्यस्तताओं को ध्यान में रखते हुए तय किया जाएगा। अभी समय की कमी के कारण तारीख तय नहीं हो सकी है, लेकिन जल्द ही दोनों परिवार एकसाथ मिलकर इसका निर्णय लेंगे।
सांसद प्रिया सरोज की स्वतंत्रता पर पिता का भरोसा
तूफानी सरोज ने अपनी बेटी पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह अपने जीवन के फैसले लेने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने बताया कि प्रिया ने हमेशा अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है और जीवन के हर पहलू में परिवार का नाम रोशन किया है।
क्रिकेटर रिंकू सिंह और उनकी उपलब्धियां
रिंकू सिंह का नाम देश के उभरते हुए क्रिकेट सितारों में शुमार है। आईपीएल में अपनी धमाकेदार परफॉर्मेंस से उन्होंने करोड़ों प्रशंसकों का दिल जीता है। 9 अप्रैल 2023 को रिंकू सिंह ने आईपीएल के इतिहास में एक नई मिसाल कायम की थी। उन्होंने गुजरात के खिलाफ खेले गए मैच में यश दयाल की 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के जड़कर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई थी।












Click it and Unblock the Notifications