सहारनपुर पहुंची मंदसौर के किसानों की आग, पुलिस से हुई जमकर लड़ाई
मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन की आग यूपी के सहारनपुर में भी पहुंच गई है। यहां मध्य प्रदेश सरकार का पुतला फुंकने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई।
सहारनपुर। मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन की आग यूपी के सहारनपुर में भी पहुंच गई है। यहां पर मध्य प्रदेश सरकार का पुतला फुंकने के लिए जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। पुलिस ने एमपी सरकार का पुतला दहन भी नहीं करने दिया। इससे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है।

मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों पर गोलियां चलाए जाने के विरोध में सहारनपुर में शुक्रवार की दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुद्वारा रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर एकद्धित हुए थे। वह एमपी सरकार का पुतला दहन करने के लिए पार्टी कार्यालय से निकल कर जिला मुख्यालय की ओर ही जा रहे थे कि यहां पर पहले से भारी मात्रा में तैनात पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया।

इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं से एमपी सरकार का पुतला छीनने की कोशिश की तो कुछ कार्यकर्ता धक्का मुक्की के दौरान नाले में गिर गए, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उबाल आ गया और वह पुलिस कर्मचारियों से भिड़ गए। इसे लेकर गुरुद्वारा रोड पर करीब आधा घंटा अफरा तफरी और तनाव का माहौल रहा। बाद में कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि वालिया ने कार्यकर्ताओं को समझा कर मामला शांत कराया।












Click it and Unblock the Notifications