अखिलेश यादव को JPNIC जाने से रोके जाने पर भड़के यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पवन खेड़ा ने भी जताई नाराजगी
Congress leader Ajay Rai and Pawan Khera Statement: लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर लखनऊ में बवाल मचा हुआ है। अखिलेश यादव लखनऊ के गोमती नगर स्थित JPNIC जाने वाले थे लेकिन प्रशासन की तरफ से इजाजत नहीं दी गई।
प्रशासन द्वारा इजाजत न दिए जाने के बाद अखिलेश यादव जेपीएनआईसी जाने की बात पर अड़ गए, ऐसे में अखिलेश यादव के आवास के बाहर तथा जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर के बाहर भी भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Recommended Video
पुलिस द्वारा जगह-जगह बैरिकेडिंग करने के साथ ही तार वाली जालियां भी लगाई गई हैं। इस मामले को लेकर जहां समाजवादी पार्टी के नेता काफी नाराज हैं वहीं कांग्रेस के नेताओं द्वारा भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में बयान दिया गया है।
कांग्रेस के यूपी अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि "सरकार की मंशा अच्छी नहीं है। पिछले साल भी इस तरह की चीजें की गई थीं और इस बार फिर इस तरह की चीजें आ रही हैं... मुझे लगता है कि वे लोग इस संस्थान(JPNIC) को ध्वस्त करने या किसी न किसी बड़े व्यापारी को बेचने की तैयारी में होंगे तभी यह सारी चीजें कर रहे हैं।"
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवास के बाहर बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती पर उन्होंने कहा, "निश्चित तौर पर यह सरकार पूरी तरह से तानाशाह है, तानाशाही तरीके से व्यवहार कर रही है... इस देश के महापुरुष जिन्होंने इस देश के लिए काम किया अगर कोई उन्हें पुष्पांजलि देना चाहता है तो सरकार को तो सुविधा देनी चाहिए। सरकार का यह रवैया अच्छा नहीं है।"
इसी तरह कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का भी बयान सामने आया है। अखिलेश यादव को JPNIC जाने से रोके जाने के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एएनआई को दिए अपने बयान में कहा "किसी भी जगह जहां लोकतंत्र है वहां कोई श्रद्धांजलि भी नहीं देने जा सकता ये कैसी बात है?"
आगे उन्होंने यह भी सवाल किया "आप बता दीजिए कि उस जगह क्या करना है या क्या नहीं करना है ताकि वहां(JPNIC) जो निर्माण कार्य हो रहा है उसे क्षति न पहुंचे लेकिन आप किसी को रोक देंगे, उनके घर के बाहर पुलिस लगा देंगे या घेराबंदी कर देंगे। ये कहां का लोकतंत्र है?"
सपा नेता कर रहे नारेबाजी
अखिलेश यादव की आवास के बाहर तथा जयप्रकाश नारायण नेशनल कन्वेंशन सेंटर के बाहर बैरिकेडिंग करने और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता काफी नाराज हैं और जमकर नारेबाजी भी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications