बागी हुए कांग्रेस के उम्मीदवार, नामांकन वापस लेने से किया इनकार
सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन में रार कम होने का नाम नहीं ले रही है, कांग्रेस ने चार उम्मीदवारों से नामांकन वापस लेने को कहा, तीन ने किया इनकार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन के बीच हर रोज नया विवाद जुड़ता जा रहा है। पहले दोनों दलों के बीच अमेठी और रायबरेली में सीटों के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था तो अब लखनऊ में भी पार्टी के बीच विवाद शुरु हो गया है। कांग्रेस ने लखनऊ सहित अन्य सीटों पर अपने चार उम्मीदवारों को नामांकन वापास लेने को कहा था लेकिन इनमें से सिर्फ एक ही उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस लिया है जबकि तीन उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस लेने से साफ इनकार कर दिया है।

गोंडा के मानकपुर सीट से हनुमान प्रसाद ने पार्टी के निर्देश के बाद अपना नामांकन वापस ले लिया है जबकि लखनऊ मध्य से मारूफ खान ने अपना नामांकन वापस लेने से इनकार कर दिया है। वहीं सिद्धार्थ नगर के सोहरतगढ़ के कांग्रेस उम्मीदवार अनिल सिंह और बहराइच के प्रयापुर से कांग्रेस उम्मीदवार भगत राम मिश्रा ने भी अपना नामांकन वापस लेने से साफ इनकार कर दिया है। हालांकि मारूफ खान के लिए अपना नामांकन वापस लेना असंभव था क्योंकि लखनऊ मध्य सीट पर अपना नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 3 फरवरी है। मारूफ खान का कहना है कि उन्होंने प्रचार में काफी मेहनत की है और वह अपना नामांकन वापस नहीं ले सकते हैं, उन्होंने अपना चुनाव प्रचार बंद करने से भी साफ इनकार कर दिया है। वह कांग्रेस के विधायक रविदास मेहरोत्रा के खिलाफ अपना प्रचार अभियान कर रहे हैं, लखनऊ में मतदान 19 फरवरी को होना है।
इसे भी पढ़ें- तुलसीपुर: टूट गया सपा-कांग्रेस गठबंधन, अब होगी दोनों दलों के प्रत्याशियों में जंग
वहीं कांग्रेस उम्मीदवार अनिल सिंह और भगत राम मिश्रा का कहना है कि उन्हें आधिकारिक रूप से नामांकन वापस लेने को नहीं कहा गया है। इन सीटों पर चुनाव 27 फरवरी को होना है और इन सीटों पर नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 13 फरवरी थी। इस पूरे मामले पर कांग्रेस के प्रवक्ता सत्यदेव त्रिपाठी का कहना है कि पार्टी ने इन चार उम्मीदवारों को नामांकन वापस लेने को कहा था। कांग्रेस ने 2012 में पयागपुर से चुनाव जीता था और मुकेश श्रीवास्तव जोकि उस वक्त कांग्रेस के टिकट से मैदान में थे उन्होंने सपा का हाथ थाम लिया है। सपा ने इस बार मुकेश श्रीवास्तव को यहां से मैदान में उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications