'पार्टी को नुकसान पहुंचाना बंद कीजिए': स्वामी प्रसाद मौर्य को सपा ने अब क्यों लगाई फटकार?
समाजवादी पार्टी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने अब जो देवी लक्ष्मी को लेकर जो आपत्तिजनक टिप्पणी की है, वह अखिलेश यादव की पार्टी के भी बर्दाश्त से बाहर हो गई लगती है। सपा प्रवक्ता ने मौर्य से कहा है कि पार्टी का नुकसान करना बंद कर दें।
सपा नेता इससे पहले रामचरितमानस और बद्रीनाथ पर भी अपमानजनक टिप्पणियां करके सुर्खियां बटोर चुके हैं। वैसे देवी लक्ष्मी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सपा से पहले कांग्रेस और बीजेपी नेताओं ने भी मौर्य की टिप्पणी पर सख्त ऐतराज जताया था।

दिवाली के अवसर देवी लक्ष्मी को लेकर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
रविवार को दिवाली के मौके पर एक बार फिर से कथित तौर पर सुर्खियों में आने के लिए उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने मां लक्ष्मी को लेकर एक्स (ट्विटर) पर कुछ आपत्तिजनक चीजें लिखी थीं। इसको लेकर वह लोगों के निशाने पर थे।
देवी लक्ष्मी की जगह पत्नी पूजा का किया था आह्वान
उन्होंने लिखा था, '.....चार हाथ,आठ हाथ, दस हाथ, बीस हाथ और हजार हाथ वाला बच्चा आज तक पैदा ही नहीं हुआ...... तो चार हाथ वाली लक्ष्मी कैसे पैदा हो सकती है?..... यदि आप लक्ष्मी देवी की पूजा करना ही चाहते हैं तो अपने घरवाली की पूजा और सम्मान करें, जो सही मायने में देवी है ..........'। यही नहीं इसके बाद न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में भी उन्होंने अपनी टिप्पणी को सही ठहराने की भी कोशिश की थी।
भाजपा में थे तब तो ऐसी अभद्र टिप्पणी से डरते थे- समाजवादी पार्टी
लेकिन, अब समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आईपी सिंह ने उनसे कहा है कि वह अब पार्टी को नुकसान पहुंचाना बंद कर दें। पार्टी नेता ने उनसे तो यहां तक कहा है कि जब वे भारतीय जनता पार्टी में थे, तब तो उनकी ऐसी अभद्र टिप्पणी करने की हिम्मत नहीं होती थी।
आईपी सिंह ने एक्स पर उन्हें चेतावनी देते हुए लिखा है, '5 वर्ष बीजेपी में आप कैबिनेट मंत्री रहे, तब मां लक्ष्मी जी और भगवान गणेश जी पर अभद्र टिप्पणी करते हुए डरते थे।......'
पहले अपने बेटे-बेटी को समझा लेते- सपा नेता
उन्होंने आगे लिखा है, 'आपकी बेटी बदायूं से सांसद हैं, अपने को सनातनी बताती हैं, कोई पूजा-पाठ नहीं छोड़ती। कम से कम आप अपने बेटे-बेटी को समझा लेते......।'
पार्टी को नुकसान पहुंचाना बंद कीजिए- समाजवादी पार्टी
फिर उनकी टिप्पणियों से पार्टी को दूर करते हुए उन्होंने कहा है, 'पार्टी को नुकसान पहुंचाना बंद करिये। ये आपके निजी विचार हैं, समाजवादी पार्टी से इसका दूर-दूर तक मतलब नहीं। समाजवादी पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है।'
'हिंदू धर्म में पूरी आस्था है समाजवादी पार्टी की'
सपा प्रवक्ता ने पार्टी का हिंदू धर्म के प्रति आस्था का जिक्र करते हुए लिखा है, 'मैनपुरी की सांसद बहन डिंपल यादव जी 5 नवंबर को बाबा केदारनाथ जी के दर्शन करके लौटी हैं.... हिंदू धर्म में पूरी आस्था है समाजवादी पार्टी की।'
कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने किया था पलटवार
इससे पहले कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी पर भड़कते हुए कहा था कि 'स्वामी प्रसाद मौर्य के मुंह में 'बवासीर' हो गया है। स्वामी प्रसाद मौर्य जी को इलाज की जरूरत है....मैं योगी आदित्यनाथजी से कहूंगा कि उनके बोलने पर पाबंदी लगाएं.....'
अखिलेश यादव की लुटिया डुबो के ही मानेगा- बीजेपी
उधर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी मौर्य की टिप्पणी के खिलाफ एक्स पर ही पलटवार किया था। उन्होंने लिखा, 'हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाता है....कभी धरती चपटी और सूरज दलदल में डूब जाता है पर भी तो कुछ बोलो...अखिलेश यादव की लुटिया डुबो के ही मानेगा....इंसान के जिस्म में राक्षस है यह...अखिलेश यादव चुप हैं। क्या यह सब उन्हीं के कहने पर ही हो रहा है?....' (इनपुट-पीटीआई-एएनआई)












Click it and Unblock the Notifications