Raju Srivastava के निधन पर अखिलेश और सीएम योगी ने जताया दुख, कहा- अपनी पीड़ा को दबाते किया मनोरंजन
Raju Srivastava के निधन पर अखिलेश और सीएम योगी ने जताया दुख, कहा- अपनी पीड़ा को दबाते किया मनोरंजन
लखनऊ, 21 सितंबर: मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का 58 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। राजू श्रीवास्तव के निधन की पुष्टि उनके परिवार ने की है। बता दें कि सीने में दर्द और जिम में वर्कआउट के दौरान गिरने के बाद उन्हें 10 अगस्त को दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। राजू श्रीवास्तव के निधन की खबर जैसे ही आई पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। तो वहीं, राजू श्रीवास्तव के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी दुख व्यक्त किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'राजू श्रीवास्तव हमारे बीच में नहीं रहे उसका अफसोस है। वे गरीब परिवार से थे, लेकिन अपनी मेहनत, संघर्ष से देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाई। ऐसे कॉमेडियन और ऐसे हुनर के लोग बहुत कम पैदा होते हैं। उनका व्यक्तित्व बड़ा ही साधारण था।'
वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, 'राजू श्रीवास्तव ने यूपी खेलो विकास परिषद के अध्यक्ष के रूप में अपनी सराहनीय सेवा दी। वे एक अच्छे कलाकार थे। जीवन भर अपनी पीड़ा को दबाते हुए बिना किसी भेदभाव के वे सब का मनोरंजन करते रहे। आज वे हमारे बीच में नहीं हैं।' सीएम योगी ने आगे कहा कि, 'मैं प्रदेश वासियों की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें सदगति प्रदान करे।'
वहीं, राजू श्रीवास्तव के निधन पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर लिखा, 'फिल्म जगत में अपने सहज हास्य से एक अलग पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध कॉमेडियन और हमारे अतिप्रिय बीजेपी नेता राजू श्रीवास्तव के के असामयिक निधन से मन व्यथित है। उनका निधन कला एवं फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।'












Click it and Unblock the Notifications