पीएम मोदी की रैली में चेक किया गया बनियान का रंग, लड़कियों के काले दुपट्टे भी उतरवाए
मिर्जापुर। पीएम नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर वाराणसी और मिर्जापुर में थे। इन दोनों जगहों पर उनकी रैलियां हुईं। पीएम की इन सभाओं में सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया। उनकी सुरक्षा में लगी एजेंसियों ने सुरक्षा का ख्याल तो रखा ही साथ ही हर उस चीज से परहेज किया जो पीएम मोदी का सांकेतिक विरोध कर सकती थी। सभा में जो युवक काली शर्ट पहनकर आए उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। यहां तक कि महिलाओं की काली चुन्नी भी उतरवा ली गई।

इन रैलियों में काले रंग की हर चीज को अंदर ले जाना प्रतिबंधित कर दिया गया था। जो भी सभा स्थल तक पहुंच रहा था। उसकी कई बार तलाशी ली गई। घुसने के कई गेट बनाए गए थे। सुरक्षा कर्मी बनियान तक चेक कर रहे थे कि वह काले रंग का तो नहीं है। काले रंग के कपड़े व सामान को लेकर सुरक्षा कर्मी एकदम सतर्क रहे। कई लोग जो काले रंग का पैंट और जूता पहने थे, उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। इतना ही नहीं महिलाओं का काले रंग का दुपट्टा और पर्स भी रखवा लिया गया था। एक पत्रकार काले रंग की शर्ट पहनकर आए थे तो उन्हें रोक दिया गया। बाद में उन्होंने गांव से दूसरे रंग की कमीज मंगाई।

बुरके में आई मुस्लिम महिलाओं को सुरक्षाकर्मियों ने भेजा वापस
सभा स्थल पर काले रंग के कपड़ा व अन्य सामान प्रतिबंधित था। सुरक्षाकर्मियों को डर था कि कोई विरोध स्वरुप काले रंग का कपड़ा न लहरा दे। मोदी की सभा में मुस्लिम महिलाएं बुरके में आई थी। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। महिलाओं से बुरका उतार कर अंदर जाने को कहा गया। या दूसरा कपड़ा पहने कर आने को कहा गया। इस पर मुस्लिम महिलाएं वापस चली गई। अन्य महिलाएं जो काला दुपट्टा पहनकर आई थी। उनका दुपट्टा जमा करा लिया गया था। कहा गया कि उन्हें यह रैली के बाद दिया जाएगा।
सभा में आई कई महिलाओं का पर्स व दुपट्टा गायब
नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने आई कई महिलाओं का पर्स और जमा किया गया लेकिन बाद में वह उन्हें नहीं मिल सका। जब सभा समाप्त हुई तो महिलाएं दुपट्टा और पर्स आदि जमा करने वाले स्थान पर पहुंची। महिलाओं का आरोप है कि वहां पर तैनात महिला सुरक्षा कर्मी नदारद थी। अंदर रखा पर्स और दुपट्टा आदि गायब था। इसे लेकर महिलाएं हंगामा करने लगी। महिलाओं को हंगामा करता देखकर सीओ सदर बृजेश त्रिपाठी ने पुलिस को मामले की जांच करने के लिए भेजा। जिन महिलाओं का सामान गायब हुआ है। उसमें छानबे के विजयपुर से आई अर्चना का बैग गायब हुआ। जिसमें रुपया और अन्य सामान था। अर्चना ने बताया कि वो टेंपो करके कई महिलाओं को साथ लेकर आई थी। जाने के लिए पैसा बैग में था वो गायब हो गया। बिहसड़ा कला से आई दुर्गावर्ती का भी बैग गायब हो गया। उसमें 17 सौ रुपया था। इसके अलावा कविता, विमला, मीना और रंजना का बैग व दुपट्टा आदि गायब था।












Click it and Unblock the Notifications