लालकृष्ण आडवाणी को मिला भारत रत्न, सीएम योगी ने दी बधाई
देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को उनके घर पर भारत रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लाल कृष्ण आडवाणी को सम्मानित करने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा मा. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा आज 'भारत रत्न' से विभूषित होने पर भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य एवं हम सभी के मार्गदर्शक, पूर्व उपप्रधानमंत्री आदरणीय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को हार्दिक बधाई!यह अलंकरण उनकी लोक-निष्ठा, 'राष्ट्र प्रथम' की भावना एवं 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के निर्माण में उनके अविस्मरणीय योगदानों का सम्मान है।

बता दें कि हाल ही में लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित करने का ऐलान किया गया था। जिसके बाद आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू मौजूद थे।
इस मौके पर राष्ट्रपति ने कहा लालकृष्ण आडवाणी को उनके आवास पर भारत रत्न प्रदान किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़, प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री श्री अमित शाह और श्री आडवाणी के परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
भारतीय राजनीति के पुरोधा श्री आडवाणी ने सात दशकों से अधिक समय तक अटूट समर्पण और असाधारण कौशल के साथ देश की सेवा की है। वर्ष 1927 में कराची में जन्मे, श्री आडवाणी 1947 में विभाजन की पृष्ठभूमि में भारत चले आए। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अपने दृष्टिकोण के साथ, उन्होंने पूरे देश में दशकों तक कड़ी मेहनत की और सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य में परिवर्तन किया। जब आपातकाल ने भारत के लोकतंत्र को खतरे में डाल दिया था तब उनके अंदर के अदम्य योद्धा ने इसे अधिनायकवादी प्रवृत्तियों से बचाने में मदद की।
एक सांसद के रूप में संवाद पर उनकी आस्था ने संसदीय परंपराओं को समृद्ध किया। गृह मंत्री तथा उप प्रधान मंत्री के रूप में, उन्होंने सदैव राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखा, जिससे उन्हें दलगत सीमाओं से परे जा कर लोगों ने सम्मान और प्रशंसा प्रदान की।












Click it and Unblock the Notifications