पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता, योगी आदित्यनाथ बोले- लोक कल्याण मोदी की गारंटी
पेट्रोल और डीजल के दाम में आज एक बार फिर से कमी की गई है। लोकसभा चुनाव से पहले जिस तरह से पेट्रोल-डीजल के दाम में कमी की गई है उसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रिया अदा किया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा 'लोक-कल्याण' मोदी की गारंटी है! आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज पेट्रोल और डीजल के दामों में प्रति लीटर ₹2 की कटौती का निर्णय अभिनंदनीय है। समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करते इस निर्णय के लिए आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी!

बता दें कि आज सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम में दो रुपए प्रति लीटर की कमी करने का फैसला लिया है। नई दरें आज सुबह 6 बजे से लागू हो गए हैं। देश की राजधानी में पेट्रोल के दाम 94.72 रुपए प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
वहीं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट करके पेट्रोल और डीजल के दाम कम होने पर प्रधानमंत्री मोदी का शुक्रिया अदा किया है। हरदीप पुरी ने कहा कि पीएम मोदी ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि करोड़ों भारतीय परिवारों का हित और सुविधा ही पीएम मोदी का लक्ष्य है।
हरदीप पुरी ने कहा कि जब दुनिया मुश्किल दौर से गुजर रहा था तो विकसित और विकासशील देशों में पेट्रोल के दाम 50-72 फीसदी तक बढ़ाए गए थे।लेकिन हमारे देश में बढ़ी कीमतों का असर देखने को नहीं मिला। भारत में दाम बढ़ने की बजाए पिछले ढाई वर्षों में 4.65 फीसदी कम हुए।
बता दें कि इससे पहले वर्ष 2022 में पेट्रोल-डीजल के दाम कम हुए थे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 21 मई 2022 को पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क को 8 रुपए प्रति लीटर कम किया था। जबकि डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई थी।











Click it and Unblock the Notifications