अंबेडकर नगर SP से बोले CM Yogi.. "छात्रा का दुपट्टा खींचा गया, तुम अपराधियों की आरती उतार रहे थे क्या"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था पर अब तक की सबसे बड़ी मीटिंग बुलाई। यह मीटिंग लगभग 3 घंटे 10 मिनट तक चली। इस मीटिंग में प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस कप्तान और कमिश्नरेट के अधिकारियों से लेकर सीओ और थानेदार तक से योगी ने बात की। इस दौरान सीएम योगी ने अंबेडकरनगर में छात्रा का दुपट्टा खींचे जाने के बाद मौत मामले में अधिकारी की क्लास लगा दी।
जानिए क्या था मामला?
दरअसल, बीते 15 सितंबर को अंबेडकरनगर के हंसवर थाना इलाके के वरही गांव में लड़की के घरवाले रहते हैं। उनकी 17 साल की बेटी हीरापुर बाजार में स्थित रामराजी इंटर कॉलेज में 12वीं क्लास में पढ़ती थी। शुक्रवार शाम वह साइकिल से घर लौट रही थी, तभी हीरापुर बाजार में हरसम्हार के रहने वाले दो दबंग युवक शहवाज और अरवाज बाइक से आए और उसके साथ छेड़खानी करने लगे।

छात्रा ने इनका विरोध किया तो उन्होंने लड़की का दुपट्टा खींच लिया और एक थप्पड़ मारा। जिससे वह लड़खड़ा कर सड़क के बीचोबीच गिर गई। इसी बीच दबंगों के साथ चल रहे एक अन्य युवक फैसल ने लड़की के सर पर बाइक चढ़ा दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे लड़की के घरवाले उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपियों का एनकाउंटर, एंटी रोमियो टीम लाइन हाजिर
वहीं इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला मीडिया की सुर्खियां बन गया। छात्रा की मौत से लोगों में आक्रोश था, जिससे अंबेडकरनगर के आला अधिकारीयों में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया था।
इसी बीच तीनों आरोपियों को मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था, कि आरोपी शाहबाज और फैसल सिपाही की बंदूक छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। इस दौरान उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा गोली चलाई गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली शाहबाज और फैसल के पैर में लगी थी। इसके अलावा पुलिस से बचकर भागते समय तीसरा आरोपी गिर गया था उसका पैर फैक्चर हो गया था। इसके एलावा पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में हंसवर थाना प्रभारी समेत हंसवर थाने के एंटी रोमियो टीम को भी लाइन हाजिर कर दिया था।
सीएम योगी नाराज
उधर, इस मामले में सोमवार को हुई मीटिंग के दौरान सीएम योगी खासा नाराज दिखे। उन्होंने इस मामले में अंबेडकरनगर SP अजीत कुमार सिन्हा से कार्रवाई में देरी की वजह पूछी। इस पर SP के तर्क से योगी संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने कहा, "अगर शासन से निर्देश न दिए गए होते तो क्या तुम अपराधियों की आरती उतार रहे थे।"
अधिकारीयों की लगाई फटकार
CM योगी ने अंबेडकरनगर जिले की घटना का जिक्र बार-बार किया। घटना में जिस तरीके से छात्रा का दुपट्टा खींचे जाने और फिर टक्कर के बाद उसकी मौत हुई, SP द्वारा लापरवाही बढ़ती गई, सीएम ने इसे बहुत गंभीरता से लिया और जमकर फटकार लगाई। CM ने मीटिंग में करीब सात बार अंबेडकरनगर की घटना का जिक्र किया। ऐसी लापरवाही दोबारा ना हो, इसकी सख्त हिदायत दी।












Click it and Unblock the Notifications