किसानों के साथ धोखा करने वाले अफसर, कर्मचारियों का जेल ही परमानेंट ठिकाना: सीएम योगी
CM Yogi Adityanath news लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों के हक के साथ किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या निजी संस्था को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। कहा कि जो भी किसानों के साथ धोखा करेगा उसका परमानेंट ठिकाना जेल ही है। किसानों के हितों की रक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में ये बातें कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धान की खरीद में कुछ लोग बाधा डालने की कोशिश में हैं जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाय। धान क्रय केंद्रों पर दलालों की गतिविधियों की निगरानी करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने पुलिस-प्रशासन को दिए हैं। बैठक में सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई करने में कोई ढिलाई न बरती जाय। सीएम ने अफसरों से किसानों को धान का मूल्य 72 घंटे में उपलब्ध कराने को कहा। अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की भी चर्चा की और दिशानिर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश से आने वाले हर व्यक्ति की कोरोना वायरस जांच हो और क्वारंटाइन करने की कार्रवाई शीघ्रता से की जाय। कहा कि कोविड के नए स्ट्रेन के मद्देनजर केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक प्रदेश की प्रयोगशालाएं तैयार हैं और अगर किसी उपकरण की जरूरत पड़ी तो प्रदेश सरकार उसे तुरंत पूरी करेगी। इस बारे में और जानकारी देते हुए अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि ब्रिटेन से ढाई हजार लोग भारत लौटे हैं जिनकी जनपदवार सूची वहां के डीएम को दे दी गई है। उन सभी लोगों की जांच कराई जाएगी और जरूरत पड़ी तो घर पर आइसोलेशन की सूचना भी लगाई जाएगी।
लोकभवन में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने यूपी नीट की प्रवेश प्रकिया की समीक्षा करते हुए कहा कि मनमानी फीस निर्धारित करने वाले कॉलेजों के खिलाफ सूचना या शिकायत मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाय। सीएम ने अल्पसंख्यक संस्थानों के नाम पर मनमाना शुल्क वसूलने वालों से भी सख्ती से निपटने को कहा।












Click it and Unblock the Notifications