नारी गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता: सीएम योगी
नोएडा,19 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस समाज में मां भगवती की उपासना होती है, वहां नारी की गरिमा के खिलाफ आचरण के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। सनातन परंपरा में मातृशक्ति की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। सरकार इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, प्रदेश में दुर्गा पूजा आयोजनों और विजयादशमी के संदेश पर अपनी बात रखी।
महिला सुरक्षा के लिए प्रदेश में किए गए कई इंतजाम
सीएम योगी ने कहा कि महिला सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं, ताकि महिलाएं अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें। महिला बीट पुलिस अधिकारी और महिला उपनिरीक्षक उनकी समस्याएं सुनने के साथ समाधान की दिशा में काम करती हैं। इसके अलावा महिलाओं की सहायता के लिए 1090 हेल्पलाइन भी संचालित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के संकल्प का हिस्सा है। नवरात्रि में कन्या पूजन की परंपरा भी मातृशक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा का संदेश देती है।
यूपी पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या 45 हजार के करीब
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर लगभग 45 हजार हो गई है। पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मी प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं में विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, मातृ वंदना योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे प्रयास महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से बेटियों को मिल रही सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर स्नातक स्तर तक की शिक्षा के लिए विभिन्न चरणों में कुल 25 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना के माध्यम से अब तक पांच लाख से अधिक कन्याओं के विवाह संपन्न हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की 54 हजार ग्राम पंचायतों में बीसी सखी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसे कार्यक्रमों के जरिए भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के अवसर दिए जा रहे हैं।
शारदीय नवरात्रि के दौरान उत्तर प्रदेश में धार्मिक आयोजनों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 45 हजार स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए गए हैं। देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मां विंध्यवासिनी धाम में कॉरिडोर निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रविवार को यहां 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सोमवार को भी 20 से 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्तिपीठ देवीपाटन, सहारनपुर स्थित मां शाकंभरी पीठ और सीतापुर के ललिता देवी शक्तिपीठ में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
विजयादशमी पर नशे और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों को खत्म करने का आह्वान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों से सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम की विजय का यह पर्व समाज को बुराइयों से मुक्त होने की प्रेरणा देता है।
सीएम योगी ने कहा कि रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के दहन के साथ नशे, भ्रष्टाचार, अराजकता, असुरक्षा और आतंकवाद जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प भी लेना चाहिए।
उन्होंने समाज में एकता को कमजोर करने और राष्ट्र को बांटने का प्रयास करने वाले तत्वों को बेनकाब करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी पर रामलीला और रावण दहन के आयोजनों को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रशासन को यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
