योगी आदित्यनाथ का विधानसभा चुनाव लड़ना कंफर्म, सीट को लेकर कही ये बात
लखनऊ, 02 जनवरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों का दंगल शुरू हो चुका है। बीजेपी जहां पूरे प्रदेश में 'जन संकल्प यात्रा' निकालकर लोगों तक पहुंची रही है तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी लगातार रैलियों पर रैलियां कर रहे हैं। इस बीच सूबे से सबसे बड़ी खबर यह आ रही है कि सीएम योगी आदित्यनाथ पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, हालांकि वो किस सीट से चुनावी ताल ठोकेंगे, इसका फैसला पार्टी करेगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। शनिवार (1 जनवरी) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया के साथ डिनर में अनौपचारिक बातचीत में इसकी जानकारी दी। योगी आदित्यनाथ कहा कि वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, लेकिन सीट कौनसी होगी, इसका फैसला पार्टी करेगी। इसी के साथ सीएम योगी ने दावा करते हुए कहा कि बीजेपी इस बार चुनाव में 300 से ज्यादा सीटें जीतकर प्रदेश में फिर से सरकार बनाने जा रही है।
विधान परिषद सदस्य हैं सीएम योगी
आपको बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूदा वक्त में विधान परिषद सदस्य हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने से पहले योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के सांसद थे। वहीं अंदरखाने से यह भी खबर आ रही है कि आदित्यनाथ गोरखपुर, अयोध्या या फिर मथुरा में से किसी एक सीट पर इलेक्शन लड़ सकते हैं। हालांकि कुछ दिन पहले ही उन्होंने मथुरा से चुनाव लड़के को लेकर साफ किया था कि उनका ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है, साथ ही इस बात को भी जोड़ा था कि पार्टी जहां से कहेगी वो वहां से चुनाव लड़ेंगे।
अखिलेश के वादे पर योगी का तंज
वहीं अखिलेश यादव के मुफ्त बिजली देने के वादे पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो अपनी सरकार में बिजली ही नहीं देते थे, वे मुफ्त बिजली क्या देंगे? सीएम योगी ने कहा कि पिछली बार हमारी पार्टी सपा सरकार की नाकामियों के मुद्दे पर चुनाव मैदान में उतरी थी। इस बार हम अपनी उपलब्धियों को लेकर चुनावी मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications