'आपके MP क्या-क्या गुल खिला रहे?' ₹879 करोड़ की सौगात देकर CM योगी ने Rahul Gandhi पर साधे 10 निशाने

CM Yogi Adityanath Raebareli Visit: रक्षाबंधन पर्व से चार दिन पहले व 2027 चुनावी लहर के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में ₹879 करोड़ की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस दौरान, सीएम योगी ने कांग्रेस और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने सोमवार (24 अगस्त) को जिले में 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के हालिया बयान से लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के एक वायरल वीडियो तक कई मुद्दों पर कांग्रेस को घेरा।

cm-yogi-adityanath-target-rahul-gandhi

रायबरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों को यह भी याद करना चाहिए कि उनके सांसद इस समय क्या कर रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं को भड़काने और भारत की परंपरा व विरासत को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, 'याद करिए, आपके सांसद इस समय क्या-क्या गुल खिला रहे हैं। वे युवाओं को भड़का रहे हैं और भारत की विरासत को अपमानित कर रहे हैं।' आइए जानते हैं मुख्यमंत्री के भाषण की 10 बड़ी बातें, जिनके जरिए उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोला...

1. 'आपके सांसद क्या-क्या गुल खिला रहे हैं?' (CM Yogi Adityanath Target Rahul Gandhi)

रायबरेली के सांसद राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को यह याद रखना चाहिए कि उनके सांसद इस समय क्या कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं को भड़काने और भारत की विरासत को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। योगी ने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले नेता प्रतिपक्ष से देश लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा करता है।

2.'कांग्रेस ने देश को बांटा, संविधान का गला घोंटा'

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को लगता है कि उनके आने के बाद ही पूरा देश बना है। यह प्राचीन देश है, कांग्रेस ने देश को बांटा। कांग्रेस ने समाज को बांटा, कांग्रेस ने संविधान का गला घोंटा, और आज फिर त्रुष्टिकरण की नीति पर चलकर, देश की समाजिक एकता को छिन्न-भिन्न करने के लिए, यह लोग विदेशी पैसे के बलपर, भारत की समाजिक एकता को खंडित करना चाहते हैं। हमें सतर्क और सावधान रहना होगा।

3. मनुस्मृति बयान पर राहुल गांधी से मांगी माफी

योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के हालिया मनुस्मृति संबंधी बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के नेता प्रतिपक्ष हैं और इस भूमिका में उनसे लोकतांत्रिक जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के रूप में देश आपसे बहुत अपेक्षा नहीं करता, लेकिन भारत की संसद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आपको लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह बनाता है। आपको देश से माफी मांगनी चाहिए।

राहुल गांधी ने पुणे में महिलाओं की स्वतंत्र पहचान, शिक्षा, रोजगार, संपत्ति और अपने फैसले लेने के अधिकार की बात करते हुए मनुस्मृति का उल्लेख किया था। योगी ने इसी बयान को भारतीय परंपरा और विरासत से जोड़कर राहुल गांधी पर पलटवार किया।

4. 'मनु को जानना है तो अथर्ववेद पढ़िए'

मुख्यमंत्री ने मनुस्मृति पर राहुल गांधी की टिप्पणी के जवाब में कहा कि अगर उन्हें मनु और भारतीय परंपरा को समझना है तो उन्हें भारतीय धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए। योगी ने अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण और मत्स्य पुराण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की परंपरा को समझे बिना उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने परिवार में मां, बहन, पत्नी और बेटी जैसे रिश्तों का उदाहरण देते हुए भारतीय सामाजिक संरचना की भी चर्चा की।

5. अजय राय के कथित 'मछली दावत' वीडियो पर हमला

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लेकर सामने आए कथित वीडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि अजय राय ने अयोध्या के हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद मछली की दावत की। मुख्यमंत्री ने इसे कांग्रेस के नेताओं के कथित दोहरे आचरण से जोड़ते हुए कहा कि मंदिर में भगवान के सामने दंडवत करने और उसके बाद मछली खाने के बीच विरोधाभास है। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के इस दोहरे आचरण से 'गिरगिट भी शरमा जाए'। उन्होंने सवाल किया कि अगर मछली खानी ही थी तो मंदिर जाने की जरूरत क्या थी। हालांकि, इस पूरे मामले में वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों को स्वतंत्र रूप से सत्यापित किए जाने की जरूरत है।

6. 'प्रधानमंत्री व्यक्ति नहीं, संस्था होते हैं'

योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेताओं की कथित टिप्पणियों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संवैधानिक संस्था का प्रतिनिधित्व करते हैं। मुख्यमंत्री ने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि देश लोकतंत्र पर पड़ चुकी "काली छाया" को देख चुका है। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान की जरूरत पर जोर दिया।

7. 'अमेठी-रायबरेली ने परिवार को ढोया'

गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि अमेठी और रायबरेली ने लंबे समय तक एक परिवार को राजनीतिक समर्थन दिया, लेकिन उनके मुताबिक इस परिवार ने क्षेत्र के विकास के बजाय अपने नाम से जुड़े संस्थानों और स्मारकों की राजनीति की। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक परिवार खुद को भारत के निर्माण से जोड़ता रहा, जबकि देश का इतिहास उससे कहीं पुराना है।

8. काकोरी ट्रेन एक्शन को लेकर कांग्रेस पर हमला

योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन के संदर्भ में भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के खजाने को देश की आजादी के संघर्ष के लिए इस्तेमाल करने वाले क्रांतिकारियों की कार्रवाई को केवल 'लूट' कहना स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को कमतर आंकना है। उन्होंने कांग्रेस पर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को लेकर अपनी राजनीतिक व्याख्या थोपने का आरोप लगाया।

9. वीर सावरकर, बोस और पटेल का जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में वीर सावरकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कांग्रेस पर इन नेताओं और स्वतंत्रता संग्राम के अन्य सेनानियों को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। योगी ने वीर सावरकर के अंडमान की सेलुलर जेल में बिताए वर्षों और उनके संघर्ष का जिक्र करते हुए कांग्रेस से स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति अपने रवैये पर जवाब देने को कहा।

10. 'यूपी बदल चुका है', माफिया पर भी सख्त संदेश

रायबरेली में योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में गरीबों के अधिकार, बिजली, रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा पर चुनिंदा लोगों का प्रभाव था। योगी ने सपा को 'वोटों का सौदागर' बताते हुए 'सैफई सिंडिकेट' का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बदल चुका है और अब बेटियों, व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। माफिया को लेकर मुख्यमंत्री ने अपने पुराने सख्त रुख को दोहराते हुए कहा कि अगर किसी ने सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश की तो उसके लिए 'दो ही सजा होगी, जेल या जहन्नुम।'

₹879 करोड़ की 346 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री के रायबरेली दौरे का मुख्य केंद्र विकास परियोजनाएं रहीं। उन्होंने जिले के रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹879 करोड़ से अधिक की 346 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ₹624 करोड़ से अधिक की 185 परियोजनाओं का लोकार्पण और करीब ₹277 करोड़ की 162 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता, आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र और आवास की चाबियां भी वितरित की गईं।

मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में करीब ₹21 करोड़ की लागत से बने स्मृति सभागार का भी लोकार्पण किया।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+