'पहले मतदान, फिर जलपान', सीएम योगी की यूपी उपचुनाव के लिए मतदाताओं से अपील
उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव हो रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से वोट अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा उत्तर प्रदेश की मीरापुर, गाजियाबाद, कुन्दरकी, खैर, करहल, सीसामऊ, कटेहरी, मझवां और फूलपुर विधान सभा सीटों पर आज मतदान होने जा रहा है।
सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील है कि उत्तर प्रदेश की अविराम विकास यात्रा को और गति व शक्ति प्रदान करने हेतु मतदान अवश्य करें। 25 करोड़ प्रदेश वासियों के जीवन में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए एकजुट होकर वोट करें। ध्यान रहे, पहले मतदान-फिर जलपान।

आज हो रहे उपचुनाव में 11 महिलाओं सहित 90 उम्मीदवार मैदान में हैं। उपचुनाव में मीरापुर (मुजफ्फरनगर), कुंदरकी (मुरादाबाद), गाजियाबाद, खैर रिजर्व (अलीगढ़), करहल (मैनपुरी), सीसामऊ (कानपुर नगर), फूलपुर (प्रयागराज), कटेहरी (अंबेडकरनगर) और मझवां (मिर्जापुर) सहित कई निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिनवा के मार्गदर्शन में चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। आज नौ सीटों पर हो रहे मतदान में 1,846,846 पुरुष, 1,589,967 महिलाएं और 161 तृतीय-लिंग मतदाता शामिल हैं।
बता दें कि सबसे अधिक उम्मीदवार गाजियाबाद में हैं, यहां 14 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला आज होगा। यूपी की कुल 9 विधानसभा सीटों पर 3435974 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
गौर करने वाली बात है कि कानपुर और सीसामऊ की सीट को झोड़कर बाकी की 7 सीटों पर मतदान इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां के विधायक सांसद बन गए हैं। कानपुर की सीसामऊ से विधायक इरफान सोलंकी जेल चले गए हैं, जिसकी वजह से यह सीट खाली हो गई है। अयोध्या की मिल्कीपुर सीट का मामला कोर्ट में विचाराधीन है।












Click it and Unblock the Notifications