दुकानों और ढाबों पर नाम और पहचान अब लिखना ही होगा, कांवड़ यात्रा रूट पर अब CM योगी ने जारी किया आदेश
Kanwar Yatra route 2024: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (19 जुलाई) को कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी भोजनालयों (ढाबों), दुकानों, ठेले वालों के लिए आदेश जारी किया है। इस आदेश में साफ-साफ कहा गया है कि सभी दुकानदार, ढाबे वाले और ठेलेवाले अपने मालिकों का नाम और पहचान दोनों लिखे। ताकि कांवड़ यात्री जान सके कि वो किस दुकान से सामान खरीद रहे हैं। कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से शुरू होने वाली है।
योगी सरकार का यह फैसला मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश की पुलिस द्वारा विपक्षी दलों की तीखी प्रतिक्रिया के बाद अपने आदेश को वापस लेने के एक दिन बाद आया है, जिसमें भोजनालयों के लिए मालिकों के नाम प्रदर्शित करना "स्वैच्छिक" बना दिया गया था। निर्देश के मुताबिक, प्रत्येक खाद्य दुकान या ठेले के मालिक को बोर्ड पर मालिक का नाम लिखना होगा।

कांवड़ यात्रा मार्ग पर अब दुकानों पर 'नेमप्लेट' लगाना अनिवार्य
तमाम विवादों के बीच सीएम योगी ने कांवड़ यात्रियों के लिए ये कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यालय ने कहा है कि पूरे उत्तर प्रदेश में खाने पीने की दुकानों पर 'नेमप्लेट' लगाना अनिवार्य होगा और दुकानों पर संचालक मालिक का नाम और पहचान भी लिखा होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की पवित्रता को बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। अब हर खाने-पीने की जगह, चाहे वह रेस्टोरेंट हो, सड़क किनारे ढाबा हो या फिर खाने-पीने का ठेला हो, उसे मालिक का नाम दिखाना होगा।
सीएम ऑफिस के मुताबिक, कांवड़ यात्रियों की आस्था की शुचिता बनाए रखने के लिए राज्य सरकार ने ये फैसला लिया है। ये भी कहा गया है कि हलाल सर्टिफिकेशन वाले प्रोडक्ट बेचनेवालों भी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री का आरोप- हिंदू नामों की आड़ में मुसलमान तीर्थयात्रियों को मांसाहारी भोजन देते हैं
इससे पहले उत्तर प्रदेश के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आरोप लगाया कि हिंदू नामों की आड़ में मुसलमान तीर्थयात्रियों को मांसाहारी भोजन बेचते हैं।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा, "वे वैष्णो ढाबा भंडार, शाकुंभरी देवी भोजनालय और शुद्ध भोजनालय जैसे नाम लिखते हैं और मांसाहारी भोजन बेचते हैं।"
उत्तराखंड पुलिस ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर मालिकों के नाम लिखने का दिया आदेश
22 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में तैयारियां चल रही हैं। इस बीच उत्तराखंड पुलिस ने भी कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्थित भोजनालयों को निर्देश जारी कर मालिकों के नाम बोर्ड पर लगाने को कहा है।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिंह डोभाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "होटल, ढाबा या स्ट्रीट फूड स्टॉल चलाने वाले सभी लोगों को अपने प्रतिष्ठान पर मालिक का नाम, क्यूआर कोड और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने का आदेश दिया गया है। जो लोग इसका पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें कांवड़ मार्ग से भी हटा दिया जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications