'आइए, किस्मत आजमा लेते हैं', अखिलेश की चुनौती पर सीएम योगी का बड़ा पलटवार, दिया खुला चैलेंज!
CM Yogi Accepts Akhilesh Yadav Challenge: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अयोध्या एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच शुरू हुई जुबानी जंग अब चुनावी चुनौती तक पहुंच गई है। दोनों नेताओं के बयानों ने प्रदेश का सियासी माहौल गरमा दिया है। इस पूरे विवाद की शुरुआत अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से हुई, जहां उन्होंने बीजेपी सरकार पर कई सवाल उठाए और मुख्यमंत्री को लेकर बड़ा बयान दिया।
इसके बाद बलरामपुर में आयोजित एक सभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश पर जोरदार पलटवार किया। इस बयानबाजी में राम मंदिर, माफिया, विकास और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दे भी शामिल हो गए हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी इस विवाद में कूद पड़े हैं।

अखिलेश ने योगी को दी थी चुनौती
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव दो दिन के अयोध्या दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने भागवत कथा में हिस्सा लिया और संतों से आशीर्वाद लिया। इसके बाद जनसभा में बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी लोकप्रियता पर भरोसा है तो अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।
ये भी पढ़ें: अभिजीत दीपके की हिरासत के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़! क्या दादी के अंतिम संस्कार हो पाएंगे शामिल?
अखिलेश ने चुनाव आयोग और प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश न्याय और मानवता के आधार पर चलता है। अयोध्या की जनता चुनाव में दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी।
योगी बोले- आइए, किस्मत आजमा लेते हैं
अखिलेश की चुनौती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर की सभा में जवाब दिया।
उन्होंने कहा, "अखिलेश, अयोध्या हमारी पावन धाम है। हम सियासत के लिए नहीं, विकास के लिए अयोध्या जाते हैं।"
इसके बाद मुख्यमंत्री ने अखिलेश को चुनाव लड़ने का प्रस्ताव देते हुए कहा, "आइए, आपको ऑफर देता हूं। आप भी अयोध्या से नामांकन करिए और मैं भी। चलिए, एक बार किस्मत आजमा लेते हैं।"
योगी ने कहा कि अयोध्या उनके लिए आस्था की स्थली है, जिसे वह केवल राजनीति से जोड़कर नहीं देखते।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले माफिया जिस जमीन पर पैर रखता था, उस पर कब्जा कर लेता था। उनका कहना था कि सपा के शासन में अपराधी व्यापारियों को फोन पर धमकाते थे और उनकी संपत्तियां हड़प लेते थे।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 से पहले बलरामपुर की सड़कों की हालत बेहद खराब थी। अब सरकार अपराध और अराजकता की जगह विकास को बढ़ावा दे रही है। बलरामपुर को आकांक्षात्मक जिले से नई संभावनाओं वाला जिला बनाने पर काम किया जा रहा है।
राम मंदिर को लेकर विपक्ष पर हमला
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का जिक्र करते हुए विपक्ष को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग पहले इन धार्मिक स्थलों के निर्माण और विकास में रुकावट डालते थे, वही आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहे हैं।
योगी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर राजनीतिक मर्यादा भूलने और अभद्र भाषा इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध की भी एक सीमा होती है। ऐसी बयानबाजी से जनता को गुमराह करने और अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।
केशव मौर्य ने भी उठाए सवाल
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश भागवत कथा में शामिल हुए, लेकिन राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने नहीं गए। मौर्य के मुताबिक, जब देश-दुनिया से श्रद्धालु रामलला के दर्शन करने पहुंच रहे हैं, तब मंदिर नहीं जाने वाले नेताओं की रामभक्ति पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा
अखिलेश यादव ने अयोध्या में कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा सरकार में किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। विकास के नाम पर लोगों की दुकानें और मकान नहीं उजाड़े जाएंगे। इसके अलावा अखिलेश ने अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बनाए रखते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का भी वादा किया।
ये भी पढ़ें: जेवर एयरपोर्ट का नया नाम 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट'! जानें नेहरू, इंदिरा और राजीव गांधी के नाम पर कितने


Click it and Unblock the Notifications
