चन्दौली: माओवादी संगठन का सेक्शन कमांडर व कुख्यात नक्सली महादेव गिरफ्तार
चन्दौली। यूपी के चंदौली में पुलिस एवं वाराणसी की एटीएस टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन करते हुए प्रतिबंधित माओवादी संगठन MCC के सेक्शन कमांडर और कुख्यात नक्सली कृष्ण मुरारी उर्फ महादेव को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया नक्सली मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के गोरथरा गांव का रहने वाला है। पुलिस और एटीएस टीम ने इसे चन्दौली रेलवे स्टेशन के पास से उस वक्त गिरफ्तार किया जब यह बिहार के गया जिले में जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आया था। एसपी चन्दौली संतोष सिंह ने बताया कि तलाशी में महादेव के पास से एक पिस्टल और 3 कारतूस बरामद किया है। वहीं गिरफ्तारी के बाद नक्सली कृष्ण मुरारी ने पूछताछ में बताया कि ये करीब 2 वर्षों से प्रतिबंधित संगठन MCC से जुड़ा हुआ है तथा इसने नक्सली प्रशिक्षण के दौरान एके 47, एके 56, एलएमजी चलाने के साथ-साथ माइंस बिछाने का भी ट्रेनिंग ले रखी है।

बिहार और झारखंड में नक्सली हमले को ऑपरेट करने की थी जिम्मेदारी
MCC संगठन में इसका नाम महादेव रखा गया था और इसने नक्सली गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए नक्सल साहित्य का भी अध्ययन किया है। बिहार में यह MCC में सेक्शन कंमाडर के पद पर था और इसके दस्ते में कुल 12 हथियार बंद सदस्य रहते थे। पकड़े जाने के बाद अपना गुनाह कबूल करते हुए कृष्णमुरारी ने बताया कि ये बिहार के गया और झारखंड में चार घटनाओं में यह शामिल रहा है। जिसमें इसके द्वारा सोलर प्लांट और गया बिहार एवं क्रेशर प्लांट, पलामू झारखंड में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया गया था।
यूपी पुलिस ने बिहार पुलिस से मांगा आपराधिक ब्योरा
एसपी चन्दौली सन्तोष सिंह ने दावा है कि कृष्ण मुरारी अपने दस्ते को ज्वाइन करने के लिए चन्दौली मझवार स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। यहां से उसे गिरफ्तार कर इसके विरुद्ध थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया और जेल भेज दिया गया है। साथ ही चंदौली पुलिस ने बिहार पुलिस को भी इस गिरफ्तारी के बारे में अवगत करा दिया है। इसके अलावा हमने कृष्ण मुरारी उर्फ महादेव के आपराधिक इतिहास की जानकारी मांगी और उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों की डिटेल्स मांगी है।












Click it and Unblock the Notifications