बलरामपुर में छांगुर बाबा का नेटवर्क ध्वस्त! अब भतीजे सबरोज के अवैध मकान को किया जमींदोज
Chhangur baba Nephew Sabroz: बलरामपुर में सामूहिक धर्मांतरण रैकेट चलाने वाले छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन के भतीजे सबरोज के खिलाफ प्रशासन का एक्शन शुरू हो चुका है। पुलिस ने सबरोज की संपत्तियों पर भारी फोर्स तैनात कर बुलडोजर से उसका घर जमींदोज कर दिया।
जानकारी के मुताबिक इस एक्शन के पीछे का कारण गांव की जमीन पर अवैध कब्जा बताया है। धर्मांतरण मामले में छांगुर बाबा का भतीजा सबरोज पहले से ही जेल मे बंद है।

पीड़ितों को मिल रही हैं जान से मारने की धमकियां
आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने दावा किया है कि धर्मांतरण पीड़ितों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। राय का कहना है कि छांगुर बाबा के गुर्गे खुलेआम कह रहे हैं कि 'मास्टरमाइंड बाहर आकर सबक सिखाएगा।'
गिरोह का नेटवर्क आज भी एक्टिव
उन्होंने कहा कि गिरोह का नेटवर्क आज भी एक्टिव है और पर्दे के पीछे से पूरे रैकेट को चलाया जा रहा है। लड़कियों को पहले ब्रेनवॉश कर फंसाया गया, और अब उन्हें धमकाया जा रहा है ताकि वे केस वापस ले लें और गवाही न दें।
पीड़ित लड़कियों को मिल रही धमकी
गोपाल राय ने पुलिस पर लापरवाही और प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो पीड़ित लड़कियों की जिंदगी बर्बाद हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि गिरोह की धमकियां दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं और अब उन्हें फोन कॉल, मैसेज और प्रत्यक्ष संपर्क के ज़रिए धमकाया जा रहा है।
लखनऊ के होटल से चलता था रैकेट
रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ हाईकोर्ट के सामने स्थित 'अवध इंटरनेशनल होटल' इस धर्मांतरण रैकेट का मुख्यालय था। यही होटल छांगुर बाबा, उसकी सहयोगी नीतू उर्फ नसरीन और नवीन वोहरा का पसंदीदा अड्डा था। दस्तावेजों के अनुसार, ये तीनों अक्सर यहीं रुकते थे और यहीं से अपने ऑपरेशन को अंजाम देते थे।
होटल से दाऊद इब्राहिम कनेक्शन तक
इस होटल का नाम पहले 'सीमा पैलेस' था, जिसके मालिक हाजी चाचा थे। चौंकाने वाली बात यह है कि हाजी चाचा की बेटी की शादी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई से हुई थी। यानी होटल का मालिक खुद दाऊद का ससुर था।
रिपोर्ट्स बताती हैं कि हाजी चाचा के मुंबई में कई प्रॉपर्टी थीं और वे गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े थे। 1990 के बम धमाकों के बाद यह होटल इंटरपोल और अन्य एजेंसियों की नज़र में आ गया था।
मास्टरमाइंड छांगुर बाबा की गिरफ्तारी
12 जुलाई को यूपी ATS ने बलरामपुर से 70 वर्षीय छांगुर बाबा उर्फ जमालुद्दीन और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उन्होंने यूपी के कई जिलों में कम से कम 40 लोगों को इस्लाम कबूल करवाया। उनके खिलाफ कई FIR दर्ज हैं।
छांगुर बाबा का धर्मांतरण रैकेट एक सुनियोजित, संगठित और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ नेटवर्क प्रतीत होता है, जिसमें अंडरवर्ल्ड तक की कड़ी जुड़ रही है। बुलडोजर कार्रवाई से लेकर पीड़ितों को धमकियां और होटल कनेक्शन तक- यह मामला यूपी की एक बड़ी सुरक्षा चुनौती बन चुका है।












Click it and Unblock the Notifications