अमेठी में मिली पत्रकार के बेटे की लाश, कन्नौज में दूसरे पत्रकार पर जानलेवा हमला
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी ज़िले में एक प्रतिष्ठित हिंदी दैनिक के जिला संवाददाता के बेटे की लाश रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है क्योंकि लाश पर चोट के निशान भी मिले हैं।

जानकारी के अनुसार, पत्रकार अजय सिंह हरौरा सुल्तानपुर के निवासी हैं और अमेठी में पत्रकारिता करते हैं। उनका बेटा यहां नवोदय विद्यालय में 11वीं का छात्र था। बीती रात वो स्कूल में था और सुबह उसकी लाश रेलवे ट्रैक के किनारे मिली है। ये जानकारी लोगों को मिली तो रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ी लाश की तरफ दौड़ पड़े। जानकारी होने पर अमेठी की डीएम शकुंतला गौतम भी घटनास्थल पर पहुंची। मीडिया कर्मी और राजनीतिक लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जीआरपी ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई है।
एएसपी बीसी दुबे ने बताया के जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर के पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा है। मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट गौरीगंज में दर्ज की गई है। पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ़ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।

कन्नौज में पत्रकार पर दबंगो ने किया हमला
कन्नौज में दबंगो ने एक पत्रकार पर हमला बोलकर उसको घायल कर भाग गये। घायल अवस्था में पत्रकार को स्थानीय 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के रहने वाले हिन्दी दैनिक आज के वरिष्ठ पत्रकार नवीन पर कुछ दबंगो ने उस समय जानलेवा हमला बोल दिया जब वह अवैध कोचिंग सेंटरों के संचालन पर रिपोर्ट करने पहुंचे थे । पत्रकार के साथ 10-12 लोगों ने मारपीट की जिससे इस हमले में वह घायल हो गये। जानकारी के मुताबिक हमला करने वाले इसी क्षेत्र के लोग हैं जो एक कोचिंग संचालक के लोग बताये जा रहे है। चश्मदीदों की मानें तो हमला करने वाले कम से कम दर्जनभर लोग थे जो एक पत्रकार पर टूट पड़े। पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications