BJP सांसद जय प्रकाश निषाद का अखिलेश पर निशाना, कहा- मुख्तार के साथ जाएं या अतीक के साथ, UP में रामराज ही आएगा
लखनऊ, 25 नवंबर: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियों को अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद जय प्रकाश निषाद ने समाजवादी पार्टी के चीफ और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि यूपी में सत्ता हासिल करने के लिए अखिलेश यादव चाहे बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी के साथ जाएं या अतीक अहमद के साथ खड़े रहें लेकिन यूपी की जनता ने तय कर लिया है कि अब माफियाओं की जगह जेल में ही होगी। यूपी में इस बार भी बीजेपी शानदार जीत हासिल करेगी और यूपी में योगी के नेतृत्व में रामराज स्थापित होगा।

जय प्रकाश निषाद ने वन इंडिया संवाददाता के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए यह बातें कही। जय प्रकाश निषाद ने कहा यूपी के वर्तमान राजनीतिक हालात पर खुलकर चर्चा की और कई सवालों के बेबाकी से जवाब दिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की हार सुनिश्चित है। वह चाहे जितना भी गठबंधन बना लें लेकिन यूपी में बीजेपी के 300 प्लस का अभियान जरूर पूरा होगा। प्रस्तुत है जय प्रकाश निषाद के साथ बातचीत के प्रमुख अंश...।
सवाल: अखिलेश- राजभर के गठबंधन से पूर्वांचल में बीजेपी को क्या डेंट होने वाला है
जवाब: देखिए बीजेपी देश की नहीं पूरे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। यहां निष्ठावान कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी हुई है। यहां कोई परिवारवाद नहीं है। यहां बूथ का अध्यक्ष भी प्रदेश का अध्यक्ष बन सकता है। अन्य पार्टियों में परिवारवाद, वंशवाद चलता है। बीजेपी सतर्क है और उनके कार्यकर्ता अपने काम में लगे हुए हैं। आने वाले समय में बीजेपी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
सवाल: ओम प्रकाश राजभर कह रहे हैं कि इस बार यूपी में खासतौर से पूर्वांचल से बीजेपी का सफाया हो जाएगा ?
जवाब: ओम प्रकाश राजभर जी जिस ख्वाब में है उसका जवाब 2022 में मिल जाएगा। राजभर ने अखिलेश के साथ गठबंधन किया है लेकिन उनको यह बात मालूम नहीं है कि अखिलेश ने लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन किया था। आपने देखा होगा कि मायावती ने सपा का वोट अपने उपर ट्रासंपर करा लिया लेकिन बसपा का वोट सपा में ट्रांसफर नहीं हुआ। ठीक उसी प्रकार से राजभर जी को भी आगे समझ में आ जाएगा। राजभर समाज पूरी तरह से अखिलेश को वोट दे देगा लेकिन राजभर समाज के उम्मीदवारों को सपा का वोट ट्रांसफर होगा यह बड़ा सवाल है। राजभर जी चारों खाने चित्त हो जाएंगे।

सवाल: अखिलेश यादव छोटे छोटे दलों का गठबंधन बना रहे हैं, इससे बीजेपी को कितना नुकसान होगा
जवाब: आदरणीय मोदी जी और योगी जी ने इस देश की जनता के लिए काफी काम किया है। बीजेपी लोगों से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही है। ये जिन दलों को अपने साथ लेकर आने की बात कर रहे हैं उनके सामने अपना वजूद बचाने की चुनौती है। सब मिलकर कैसे मोदी जी को पराजित करें कैसे योगी जी को पराजित करें। इनको कोई रास्ता सूझ नहीं रहा है। ये कितना भी परेशान हो लें लेकिन देश की जनता जान चुकी है कि इनका कोई अस्तित्व नहीं है। कोरोना में ये छोटे दल कहां थे ये लोग सड़क पर क्यों नहीं उतरे। योगी जी ने कोविड महामारी में भी दिन रात एक कर काम किया और खाद्य सामग्री को घर घर पहुंचाने का काम किया था। पूरे प्रदेश की जनता यह जान चुकी है कि उनका भला बीजेपी ही कर सकती है।
सवाल: मोदी जी ने तीन कृषि कानूनों को वापस लेने का काम किया लेकिन उसके बाद भी किसानों में भरोसा क्यों नहीं कायम हो रहा है
जवाब: भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ है। किसान भाजपा के साथ है। पूरे आजादी के 70 साल के बाद सबसे ज्यादा किसी ने राज किया तो कांग्रेस ने किया। लेकिन कभी भी विधायक निधि बनी, सांसद निधि बनी लेकिन किसान की निधि किसी ने नहीं बनाया। लखीमुपर खीरी कांड के बाद तुरंत उसपर सरकार ने एक्शन लिया है। जांच चल रही है। जांच के बाद दोषियों को पूरी तरह से कार्रवाई की जाएगी। जांच का इंतजार कीजीए।
सवाल : यूपी में चुनाव जीतने के लिए क्या अखिलेश यादव अपराधियों की शरण में जा रहे हैं
जवाब: यही देश की जनता और प्रदेश की जनता जान चुकी है। इन लोगों की जब सरकार थी तो गुंडों की सरकार थी। ये लोग जमीन हड़पने का काम करते थे। इसीलिए जब योगी जी की सरकार आई तो सबसे पहले अपराधियों पर नकले कसने का काम शुरू किया और योगी सरकार गरीबों की जमीन को मुक्त कराने का काम किया है। अब दोबारा इनका मंसूबा पूरा होने वाला नहीं है। आगे ही प्रदेश की जनता को योगी पर पूरा भरोसा है। इसलिए जनता इनके साथ है। मुख्तार अंसारी जैसे गुंडों का खेल खत्म हो चुका है। अब यूपी में रामराज्य की कल्पना साकार हो रही है। यहां हर गरीब का सम्मान सरकार रखेगी और सबका विकास और सबके विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। चाहे मुख्तार हों या अतीक अहमद हों, इनको जेल में रहना होगा ये लोग बाहर आकर जनता का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे।

सवाल: पिछले पांच सरकार के योगी सरकार के कामकाज का चुनाव पर कितना असर पड़ेगा
जवाब: बीजेपी की सरकार में और योगी जी के नेतृत्व में गांव गांव में सड़कों का जाल बिछा है। पूरे यूपी में लोग बिजली के लिए तरसते थे अब लोगों को पार्याप्त बिजली मिल रही है। अब किसाी को ढिबरी जलाने की आवश्यकता नहीं है। सरकार गरीबों को सबकुछ फ्री में दे रही है। गरीबी रेखा से नीचे जीवन जीने वालों को सरकार हर सुविधाएं दे रही है। शौचालय, आवास के साथ ही हर मूलभूत सुविधाएं सरकार देने का काम सरकार काम कर रही है। केंद्र सरकार की कई योजनाएं हैं जिनसे लोगों की आवश्यकताएं पूरी हो रही हैं।
सवाल: बीजेपी तीन सौ प्लस अभियान में कितना सफल होगी
जवाब: बीजेपी के कार्यकर्ता दिन रात चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। बूथ का हर कार्यकर्ता इस मिशन को लेकर आगे बढ़ने का काम कर रहा है। आप देखेंगे कि आने वाले समय में आदरणीय अमित शाह जी ने जो यूपी में 300 प्लस का नारा दिया है उसको बीजेपी पूरा करने में कामयाब होगी और एक बार फिर यूपी में पूर्णबहुमत की सरकार बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications