जनता की नाराजगी दूर करने के लिए बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा का आगाज, मठ-मंदिरों में भी माथा टेकेंगे मंत्री
लखनऊ, 16 अगस्त: उत्तर प्रदेश में आज से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हो रही है। इस यात्रा में उन केंद्रीय मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है जिन्हें हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी की यह यात्रा कई मायनों में काफी अहम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि कोरोना की दूसरी लहर में जनता के बीच राज्य सरकार को लेकर काफी विरोध देखने को मिला था। कई विधायकों और मंत्रियों ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। अब उन खामियों पर पर्दा डालने और कार्यकर्ताओं के साथ ही जनता को भी संतुष्ट करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है।
Recommended Video

यूपी में जन आशीर्वाद यात्रा को अगली विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़ कर देखा जा रहा है। इसमें पांच केंद्रीय मंत्रियों को शामिल किया गया जो 16 अगस्त को अलग-अलग स्थानों से शुरू करेंगे इन यात्राओं का समापन 20 अगस्त को होगा। इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर सिंह, अजय मिश्रा, पंकज चौधरी, बीएल वर्मा और एसपी सिंह बघेल शामिल रहेंगे। इस यात्रा के दौरान यूपी की 32 लोकसभाओं, 121 से अधिक विधानसभाओं को कवर करने का प्लान बनाया गया है। इसके अंतर्गत जगह जगह स्वागत सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
जन आशीर्वाद यात्रा 3500 किलोमीटर तक चलेंगी
बीजेपी में चल रही जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी एवं एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने वन इंडिया डॉट कॉम से विशेष बातचीत के दौरान कहा कि इन यात्राओं के माध्यम से 3500 किलोमीटर की यात्रा तय की जाएंगी। इस दौरान 150 से ज्यादा सभाएं आयोजित की जाएंगी और 500 स्वागत सभाओं का कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान यात्राओं में सांसद और विधायक भी इन यात्राओं शामिल हो रहे हैं। लखनऊ की जन आशीर्वाद यात्रा में मंत्री और विधायक समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान गरीब कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जाएगा। आज पांच मंत्रियों की आशीर्वाद यात्रा शुरू हो चुकी है बाकी दो की कल से शुरू होगी। यह अलग-अलग जगहों से शुरू होकर समाप्त होंगी।

मंदिरों एवं वैक्सीनेशन सेंटरों पर भी जाएंगे मंत्री
यूपी में आज से शुरू जन आशीर्वाद यात्राओं के माध्यम से मंत्रियों को मंदिरों एवं मठों के साथ ही वैक्सीनेशन सेंटरों तक भी पहुंचने का टास्क दिया गया है। पदाधिकारियों की माने तो यात्रा के दौरान रास्ते में यदि मठ और मंदिर पड़ते हैं तो वहां के साधु संतों का आशीर्वाद भी मंत्रियों को लेना है। इसके साथ ही यदि यात्रा के दौरान रास्ते में कहीं वेक्सीनेशन सेंटर मिलेगा तो वहां भी लोगों से और वहां काम कर रहे स्टॉफ से मंत्री वहां की स्थितियों की जानकारी लेंगे।
कौन मंत्री कहां से शुरू करेगा यात्रा कहां पर होगा समापन
बीएल वर्मा की जन आशीर्वाद यात्रा 16 अगस्त को वृंदावन मथुरा से प्रारंभ होकर और 19 अगस्त को बदायूं में समाप्त होगी। केंद्रीय मंत्री एस पी सिंह बघेल की यात्रा फिरोजाबाद से 18 अगस्त को प्रारंभ होगी। यात्रा का समापन मथुरा में होगा। मंत्री भानु प्रताप वर्मा जनता का आशीर्वाद लेने के लिए 17 अगस्त को ललितपुर से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू करेंगे। इनकी यात्रा 19 अगस्त को फतेहपुर में समाप्त होगी। केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर 16 अगस्त को मोहान (उन्नाव) से जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ कर चुके हैं। उनकी यात्रा 18 अगस्त को सीतापुर में समाप्त होगी।

अजय मिश्रा हरदोई से करेंगे यात्रा की शुरुआत
केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा भी 16 अगस्त संडीला हरदोई से अपनी जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ कर चुके हैं और उनकी यात्रा का हरदोई, लखीमपुर, बहराइच, गोंडा, अयोध्या होते हुए 19 अगस्त को अम्बेडकर नगर में समापन होगा। इसके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल 18 अगस्त को प्रयाग से यात्रा शुरू करेंगी। यात्रा का समापन 19 अगस्त को मिर्जापुर में होगा। केंद्रीय मंत्री पंकज चैधरी भी 16 अगस्त को ही सुबह लखनऊ से यात्रा का शुभारम्भ कर चुके हैं। बस्ती, सिदार्थनगर होते हुए 18 अगस्त को महराजगंज में समाप्त होगी।

जन आशीर्वाद यात्रा से कई निशाने साधेगी बीजेपी
केंद्रीय मंत्रिपरिषद में पिछले महीने विस्तार होने के बाद बीजेपी ने घोषणा की थी कि नए मंत्री लोगों से संपर्क साधने के लिए यात्रा करेंगे। दरअसल चुनाव में जाने से पहले बीजेपी ने रणनीति के तहत इस यात्रा की शुरुआत की है। हालांकि बीजेपी के नेताओं का दावा है कि यह यात्रा केवल केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए हो रही है लेकिन इसके इतर भी इस यात्रा का मकसद है। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाले वैक्सीनेशन सेंटर का भी मंत्री दौरा करेंगे और रास्ते में पड़ने वाले मठ मंदिरों में भी माथा टेंकेगे। यानि हर पहलु से यह यात्रा चुनावी ही है।












Click it and Unblock the Notifications