भाजपा विधायक के विवादित बोल, गोहत्या की तो हाथ-पैर तुड़वा दूंगा
थानाभवन में विधायक सुरेश राणा के स्वागत समारोह में खतौली विधायक विक्रम सैनी ने विवादित बयान दिया। उनको रोकने की कोशिश की गई लेकिन वे नहीं रुके।
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने विवादित बयान देते हुए कहा कि अगर कोई वंदे मातरम या भारत माता की जय नहीं बोलेगा या कोई गोहत्या करेगा तो मेरा वादा था कि मैं उसके हाथ-पैर तुड़वा दूंगा।

थानाभवन से विधायक सुरेश राणा राज्य मन्त्री बनने के बाद मुजफ्फरनगर पहुंचे जहाँ एक हॉल में उनके स्वागत समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मुज़फ्फरनगर की खतौली सीट से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने मंच से जब अपना संबोधन शुरू किया।
भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने अपने बड़बोलेपन में यहाँ तक कह दिया कि जो व्यक्ति वन्दे मातरम बोलने में संकोच करता हो या भारत माता के नारे लगते हुए जिसका सीना चौड़ा न होता हो और जो गौ माता को माता न मानता हो और उनकी हत्या करता हो, मैंने वादा किया था कि ऐसे लोगों के हाथ पैर तुड़वा दूँगा।
बड़बोले विधायक को भाजपा नेताओं ने रोकने की कोशिश की लेकिन वे नहीं रुके। खतौली विधायक विक्रम सैनी वही हैं जिनके गांव कवाल से मुजफ्फनगर दंगे की चिंगाड़ी भड़की थी। इसी गांव के वे प्रधान थे जब यहां तीन हत्याओं के बाद दंगे की शुरुआत हुई थी। भड़काऊ भाषण और दंगे के आरोपों में फंसे विक्रम सैनी के खिलाफ रासुका लगाकर उनको जेल भेजा गया था।












Click it and Unblock the Notifications