योगी सरकार में मंत्री विजय कश्यप का कोरोना से निधन, मेदांता में ली अंतिम सांस
गुरुग्राम, मई 18: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर चरथावल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और प्रदेश के बाढ़ नियंत्रण एवं राजस्व राज्यमंत्री विजय कश्यप का कोरोना से निधन हो गया। राज्यमंत्री कपिलदेव ने भी उनके निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उनका लगभग दो हफ्तों से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में कोरोना का इलाज चल रहा था। वह पिछले करीब 3 सप्ताह से भी अधिक समय से कोरोना संक्रमण से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे।
Recommended Video

पिछले महीने कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर उन्होंने कोविड टेस्ट करवाया था। पाजिटिव रिपोर्ट आने पर वह सहारनपुर के कस्बा ननौता स्थित अपने आवास पर ही होम आइसोलेट हो गए थे। बाद में हालत बिगडऩे पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार रात सवा दस बजे उनका निधन हो गया। राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप चरथावल विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक थे। राज्यमंत्री विजय कश्यप ने पिछले दिनों जिला अस्पताल पहुंचकर कोरोना की वैक्सीन लगवाई थी।
विजय कश्यप भाजपा के टिकट पर चरथावल विधानसभा सीट से 2007 और 2012 में भी चुनाव लड़े थे, लेकिन वह पहली बार विधायक 2017 के चुनाव में भाजपा टिकट पर ही बने। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2019 में अपने मंत्रिमंडल विस्तार में विजय कश्यप को भी राजस्व राज्यमंत्री के रूप में शामिल किया था। वह मुख्यमंत्री कार्यालय से संबद्ध राज्यमंत्री भी थे। कोरोना संक्रमण की दूसरी खतरनाक लहर में यूपी विधानसभा के इससे पहले चार विधायकों की कोरोना से मौत हो चुकी है। भारत में कोरोना से अबतक 2 % आबादी हुई प्रभावित, 98 फीसदी पर अभी भी खतरा
दूसरी लहर में बीजेपी विधायक रमेश चंद्र दिवाकर, सुरेश श्रीवास्तव, केसर सिंह और दल बहादुर कोरी का कोरोना से निधन हो चुका है। कोरोना की पहली लहर में पिछले साल दो मंत्री चेतन चौहान व वरुण रानी भी दिवंगत हो गए थे। यूपी की 17वीं विधानसभा में अब तक एक दर्जन विधायकों की मृत्यु हो चुकी है। विजय कश्यप के निधन पर पीएम मोदी , बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डी ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि, भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री विजय कश्यप जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े नेता थे और सदा जनहित के कार्यों में समर्पित रहे। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!












Click it and Unblock the Notifications